सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शनिवार को कुलपति की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। कुलपति ने कोविड 19 गाइडलाइन का पालन करते हुए परीक्षाएं व कक्षाएं ऑनलाइन मोड पर चलाने के निर्देश जारी किए है।
कुलपति डॅा. आरके मित्तल ने बताया कि कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 में संचालित स्नातक पाठयक्रम के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष द्वितीय सेमेस्टर, परास्नातक पाठयक्रम के प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर एवं पीएचडी के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर (बीवीएससी और एएच को छोड़कर) समस्त कक्षाएं व परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। यह व्यवस्था द्वितीय सेमेस्टर पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी।
बीवीएससी और एएच पाठयक्रम के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की कक्षाएं एवं समस्त परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में होगी। स्नातकोत्तर व पीएचडी के अंतिम वर्ष के शोध छात्रों के शोध कार्य, थीसिस सबमिशन के कार्य एडवाइजर, विभागाध्यक्ष, अधिष्ठाता संबंधित महाविद्यालय, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण की संस्तुति पर अनुमति लेते हुए भौतिक रूप से किया जाएगा।
बिना अनुमति के रह रहे छात्रों से छात्रावास खाली कराए जाएंगे। शिक्षक अपनी कक्षाएं ऑनलाइन मोड से विवि में उपस्थित होकर करेंगे। इसके अलावा समस्त कार्यालय अध्यक्ष तथा कुलसचिव, वित्त नियंत्रक, अधिष्ठाता, निदेशक व विवि के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत समूह ख, ग, व घ के कर्मियों की 50 प्रतिशत प्रतिदिन उपस्थिति होगी। बाकी 50 प्रतिशत घर से कार्य करेंगे। कुलसचिव डॉ. बीआर सिंह ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णय को लागू करने के निर्देश दिए गए है।