महंगा मोबाइल और बाइक का शौक पूरा करने के चलते 12वीं के तीन छात्रों ने लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। इन छात्रों ने तमंचे के बल पर एक युवक से उसकी बाइक, नकदी व मोबाइल लूट लिया। आरोपियों ने बाइक अपने दो दोस्तों को चलाने के लिए दे दी। लूट का मोबाइल ऑन होने पर पांचों दोस्त पुलिस की गिरफ्त में आ गए। खास बात यह है कि यह पांचों ही नाबालिग हैं और 10वीं व 12वीं कक्षा के छात्र हैं।
यह भी पढ़ें: LLB स्टूडेंट मर्डर केस: लाल घेरे में खौफनाक हैं ये तीन चेहरे, गांव में की थी ऐसी वारदात, अभी तक दहशत में लोग, तस्वीरें भी दर्दनाक
पुलिस के मुताबिक, 18 अप्रैल को रामराज निवासी अंकित पुत्र रामानंद को बहसूमा बाईपास पर कोहला गांव के पास बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर बाइक, मोबाइल व 8500 रुपये लूट लिए थे। तीन दिन पूर्व थाना दौराला क्षेत्र के गांव नंगली में लूटा हुआ मोबाइल का स्विच ऑन हुआ तो पुलिस ने मोबाइल रखने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि लूटा हुआ मोबाइल मवाना में कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले करीमपुर निवासी युवक से ढाई हजार रुपये में लिया था।
यह भी पढ़ें: UP में बुलडोजर: कहीं अवैध कब्जों पर गरजा तो कहीं ध्वस्त हुईं कॉलोनियां, तस्वीरों में देखें योगी के अफसरों की कार्रवाई
थानाध्यक्ष रामअवतार सिंह ने बताया कि पूछताछ में मास्टरमाइंड ने बताया कि उसने महंगे मोबाइल व बाइक का शौक रखने के चक्कर में लूट की योजना बनाई। योजना में उसने अपने गांव के दो अन्य 12वीं के छात्रों को शामिल किया। वारदात को अंजाम देने के लिए गणेशपुर निवासी एक अन्य दोस्त से बीमार रिश्तेदार को देखने जाने के लिए बाइक मांगी। इसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद बाइक झुनझुनी निवासी दो दोस्तों को दे दी। वहीं, पुलिस ने लूटी गई बाइक झुनझुनी निवासी युवकों के पास से बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपियों से दो बाइक, तमंचा, मोबाइल बरामद कर पांचों नाबालिग आरोपियों को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
लालच में हो गई घटना...
बहसूमा में बाइक लूट की घटना को अंजाम देने वाले पांचों बदमाश नाबालिग हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उक्त पांचों बदमाशों को महंगे मोबाइल, बाइक की ड्राइविंग के शोक ने लुटेरा बना दिया। वारदात में शामिल पांचों किशोरों का रटारटाया एक ही जवाब है कि लालच में घटना हो गई।