पुलिस का कहना है कि शायद ऐसा संभव नहीं होगा कि आवेदक का नाम न हो। छापा मारने के दौरान बताया गया कि विशाल जैन के पिता धनेंद्र जैन हैं। मौके पर धनेंद्र जैन का भांजा मिक्की निवासी बड़ौत मिला था, उसने भी अपने बयानों में धनेंद्र जैन का नाम बताया। अब सवाल उठता है कि धनेंद्र जैन का नाम क्यों नहीं लिखा गया। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि पुलिस जांच में विशाल के पिता का नाम खोलेगी।
विशाल जैन को भी पुलिस ने नोटिस भेजकर मांगा जवाब
डीपी पेट्रो केम के मालिक विशाल जैन को शनिवार को पुलिस ने नोटिस भेजकर जवाब मांगना बताया है। गोदाम में 78500 लीटर काला तेल कहां से आया है, इसको लेकर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। आईजी आलोक सिंह ने मुखबिर की सूचना पर एडीएम और एसपी सिटी के नेतृत्व में जगन्नाथपुरी-7 में शुक्रवार सुबह छापा लगवाया था। जहां से 78500 लीटर काला तेल बरामद हुआ था।
पुलिस ने आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर जोगेंद्र की तहरीर पर डीपी पेट्रो केम मालिक विशाल जैन व प्रदीप जैन पर मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को टीपीनगर पुलिस ने विवेचना को आगे बढ़ाने के लिये दोनों नामजद आरोपियों को नोटिस भेजने की बात कही।
एसओ टीपीनगर का कहना कि आपूर्ति विभाग ने यह काला तेल अवैध बताया है, जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मौके पर विशाल जैन का एक रिश्तेदार विशाल जैन उर्फ मिक्की निवासी बड़ौत मिला था, उसको पुलिस ने मौके का गवाह लिखापढ़ी में बनाया है।