लोकसभा में बोलते सांसद राजेंद्र अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में मेरठ-हापुड़ लोकसभा के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बुधवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान चोरी के वाहन काटने का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस अपराधिक तंत्र को पूरी तरह समाप्त किये जाने की मांग की।
लोकसभा में चोरी के वाहन काटने के मामले पर बोलते हुए सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मेरठ में लंबे समय से वाहन चोरों के अंतर्राज्यीय गिरोह काम कर रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व अन्य प्रदेशों से यहां गाड़ी आती हैं और कुछ ही मिनटों में उनको काट दिया जाता है। इन वाहनों का उपयोग अनेक प्रकार की अपराधिक गतिविधियों में हो सकता है जिसमें आतंकवादी गतिविधियां भी शामिल हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि इस विषय को मैं पहले भी सदन में उठा चुका हूं। मैंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी इस संबंध में पत्र लिखा था। वैसे मेरठ में इन गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई भी हो रही है लेकिन अब चोरी के वाहनों को काटने का काम हापुड़ और आसपास के अन्य जिलों में फैल गया है। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि यह समस्या केवल मेरठ और अंतर्जनपदीय की नहीं है, बल्कि यह समस्या अंतर्राज्यीय है। उन्होंने कहा सिर्फ मेरठ और उत्तर प्रदेश में कार्रवाई करने से इस समस्या का समाधान नहीं हो सकता है।
यह भी पढ़ें: चौंकाने वाले आंकड़े: एक महीने में 30 से ज्यादा लोगों ने चुनी मौत, अधूरे छोड़ गए सपने, ये रहे बड़े मामले
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने सभापति के माध्यम से सरकार से अनुरोध किया कि अनेक प्रांतों में फैले हुए वाहन चोरी एवं कटान के इस अवैध कारोबार के तंत्र को समाप्त करने के लिए सक्षम अधिकारी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टास्क फोर्स बनाई जाए, जो इन प्रदेशों के पुलिस अधिकारियों से मिलकर और पूरी जानकारी जुटाकर इस आपराधिक तंत्र को पूरी तरह समाप्त कर सके।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/