मेरठ पहुंचे कानपुर पनकी धाम के महंत हरिओम शुक्ला जी महाराज ने ब्राह्मणों पर लगातार किए जा रहे मुकदमों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि शरणागत अक्षम होता है, उसकी हत्या नहीं की जानी चाहिए। आज सर्वण आयोग का गठन किया जाना चाहिए। योगी अगर संत हैं तो मंदिर के पुजारियों और महंतों के लिए कुछ करें। बाबा नहीं धर्म का साथ देने वाला चाहिए।
महंत हरिओम शुक्ला ने कहा कि जब योगी सरकार में आए तो उन्होंने सर्वप्रथम गो दर्शन किए। अब गाय के लिए गोशाला कैदखाना बना दी गई हैं। उन्होंने कहा गायों के साथ र्व्यवहार हो रहा है। अब दंडनायक सजा देगा। प्रदेश सरकार पर टिप्पणी करते हुए महंत ने कहा कि कलयुग का चौथा चरण आ गया है। मनुष्य ही मनुष्य की हत्या कर रहा है और राजा के लिए कोई संविधान और कानून नहीं है।
सपा की टोपी पहन मंच पर पहुंचे, हंगामा
ब्राह्मण सम्मेलन में मंच पर सपा की टोपी पहनकर आए सपा नेता दीपू चौहान का लोगों ने जमकर विरोध किया। मंच पर आते ही दीपू चौहान ने अखिलेश यादव का साथ देने का आग्रह किया। इस बीच बड़ी संख्या में लोग विरोध करते हुए मंच तक पहुंच गए। संचालन कर रहे पूर्व प्रधानाचार्य वेदप्रकाश शर्मा ने लोगों को शांत किया। दीपू चौहान ने कहा कि चंद्रगुप्त मौर्य को चाणक्य ने बनाया। ब्राह्मण के सामने कोई मठाधीश नहीं रह सकता है। वहीं हंगामा बढ़ने पर दीपू चौहान कार्यक्रम से चले गए।
पश्चिम यूपी में दिख रहा किसान आंदोलन का असर
पूर्व एमएलसी पंडित राजेश पति त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं। अब विकास की घोषणाएं होंगी। उन्होंने कहा किसान आंदोलन का असर पूरी तरह पश्चिमी यूपी में दिखाई दे रहा है। भाजपा के लिए इस बार हवाओं का रुख आसान नहीं होगा।