फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: जिले में 18 करोड़ से बनेंगी 28 सड़कें, सीएनजी और घरेलू पीएनजी पर 6-6 रुपए कम हुए

Sun, 09 Apr 2023 02:46 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में रविवार सुबह एक डंपर ने तीन किशोरों को कुचल दिया।

विज्ञापन
Delhi-Meerut expressway - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:45 PM, 09-Apr-2023

सीएनजी और घरेलू पीएनजी पर 6-6 रुपए कम हुए
गेल गैस लिमिटेड ने सीएनजी और पीएनजी पर 6- 6 रुपए कम कर ग्राहकों को राहत दी है। गेल कंपनी के सीजीएम विनय कुमार ने बताया भारत सरकार के निर्देश पर ग्राहकों को ये राहत दी जा रही है। नए घरेलू गैस मूल्य निर्धारण कर घरेलू पीएनजी और सीएनजी की कीमतों को मेरठ में 6 रुपये प्रति यूनिट घटाया है। आज 9 अप्रैल 2023 से पीएनजी की कीमत 52.50 रुपये प्रति एससीएम है और सीएनजी 85 रुपये प्रति किग्रा. है। इससे पहले पीएनजी 58.50 रुपए और सीएनजी 91 रुपए थी।

02:42 PM, 09-Apr-2023
हंगामा करते स्थानीय लोग - फोटो : अमर उजाला

पानी की समस्या से तंग आकर स्थानीय लोगों ने किया हंगामा

मजीद नगर के वार्ड नंबर 88 में पीने के पानी से क्षेत्र के लोगों का बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम व पार्षद के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा कर दिया। बताया गया है कि करीब एक माह से पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। कोई नगर निगम के अधिकारी व पार्षद इस पर ध्यान देने के लिए तैयार नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों ने बाल्टी व टब लेकर हंगामा कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया पानी की समस्या इतनी बढ़ रही है कि बच्चों को स्कूल भेजने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय लोगों को कई मीटर की दूरी से पानी लाना पड़ रहा है।

11:47 AM, 09-Apr-2023

जिले में 18 करोड़ से बनेंगी 28 सड़कें, हुआ शिलान्यास

मेरठ जनपद में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत जनपद मेरठ में 18 करोड रुपए से 28 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों का सिला रविवार को केंद्र राज्य मंत्री डा संजीव बालियान,सांसद राजेंद्र अग्रवाल और विधायकों ने फीता काटकर किया।

शिलान्यास कार्यक्रम सर्किट हाउस परिस्थिति पार्क में किया गया, जिसमें संजीव बालियान और सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। खासकर पश्चिम उत्तर प्रदेश के दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में हाईवे ही नहीं, बल्कि अन्य सड़कों पर भी काम चल रहा है। आने वाले समय में मेरठ देश के सबसे उन्नत शहरों में से एक होगा।

शिलान्यास करने के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सुंदर कुमार, दिनेश खटीक, विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व विधायक हरपाल सैनी, जिला अध्यक्ष विमल शर्मा समेत भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
11:44 AM, 09-Apr-2023

जल्द जब्त की जाएंगी याकूब के परिवार की 32 गाड़ियां

पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की करोड़ों रुपये की कीमत की 32 गाड़ियां जल्द ही जब्त की जाएंगी। इसके लिए पुलिस ने आरटीओ से वाहनों की सूची भी मंगवा ली है। इस मामले में पूर्व मंत्री के बेटों को पुलिस ने नोटिस भी जारी किया था, लेकिन पुलिस को संतोषजनक जबाव नहीं मिल सका। जल्द शिकंजा कसते हुए गाड़ी को जब्त किया जाएगा। पुलिस ने पूर्व मंत्री की करीब 30 करोड़ रुपये की संपत्ति चिह्नित की थी। इसमें पुलिस करीब 26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। अब 32 लग्जरी गाड़ियों को जब्त किया जाना बाकी है।
 
पुलिस के मुताबिक पिछले वर्ष 31 मार्च को खरखौदा थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड अलीपुर अल फहीम मीटैक्स लिमिटेड मे पुलिस पांच करोड़ कीमत का मीट पकड़ा था। इस मामले में याकूब परिवार समेंत 17 लोगो के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसके बाद गैंगस्टर के तहत भी मामला दर्ज किया गया था। सीओ रुपाली राय चौधरी का कहना है कि जल्द ही इन गाड़ियों को जब्त किया जाएगा।

वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाया अभियान
निकाय चुनाव के मद्देनजर जिला बदर और वांछितों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर रात थाना प्रभारियों ने वांछित अपराधियों के धर पकड़ अभियान चलाया। पुलिस ने 249 नए अपराधियों की सूची तैयार की है। चुनाव के पहले पुलिस बड़ी कार्रवाई करेगे। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि शहर के थानेदारों को अपराधियों की सूची तैयार करने के आदेश दिए है।

11:20 AM, 09-Apr-2023

Meerut News Live: जिले में 18 करोड़ से बनेंगी 28 सड़कें, सीएनजी और घरेलू पीएनजी पर 6-6 रुपए कम हुए

मेरठ के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में रविवार सुबह एक डंपर ने तीन किशोरों को कुचल दिया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 
 
जानकारी के अनुसार लिसाड़ी गेट क्षेत्र की फतेहउललापुर चौकी के सामने मिटटी से भरे डंपर ने बाइक सवार तीन किशोरों को कुचल डाला। हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थ्ल पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
 

जानीखुर्द में बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, घायल
जानीखुर्द। मेरठ बागपत मार्ग पर गांव डालूहेडा के समीप रविवार सुबह बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। एक घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दूसरे घायल युवक को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानी थानाध्यक्ष राजेश कंबोज के अनुसार रविवार सुबह मेरठ की ओर से बाइक पर दो बाइक सवार युवक जा रहे थे। इस दौरान दोनों युवकों को मेरठ बागपत मार्ग पर गांव डालूहेड़ा के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायल युवकों को पुलिस ने वाहन से अस्पताल भेजा। लेकिन रास्ते में एक घायल युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल युवक को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों युवकों की शिनाख्त नहीं हुई है। बाइक की कागजों में पता बिजनौर का लिखा है। बिजनौर पुलिस को घटना और पते ही सूचना दे दी गई है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें