10:19 AM, 04-Jun-2023
Meerut News Live: महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने की घोषणा, बेगमपुल का बदला जाएगा नाम, कहलाएगा भारत माता चौक
मेरठ शहर के लोग ही बताएंगे कि शहर का विकास कैसे हो। न्यू ट्रांसपोर्टनगर, बस अड्डा, कैटल कॉलोनी, मल्टीलेवल पार्किंग कहां बनने चाहिए इस पर सुझाव देंगे। इसके लिए सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) के लिए 8 जून को कमिश्नर की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।
सीएलपी के लिए यूएमटीसी की ओर से ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। इसमें शहर के अंदर लगने वाले जाम से मुक्ति, सामान कंटेनर डिपो पर पहुंचकर आसानी से वेयरहाउस में पहुंच सके, छोटे वाहनों के द्वारा सामान को फैक्टरियों तक पहुंचाया जा सके, इन सब बिन्दुओं को ध्यान में रखकर ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है।
इसके लिए बैठक में सामान की लोडिंग, अनलोडिंग के लिए वेयरहाउस कहां बनना उचित होगा, इस पर लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। लोगों के सुझाव के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार कर निवेश को बढ़ाने के लिए रास्ते सुगम किए जाएंगे।
अफसरों के साथ ही लोग भी करेंगे प्रतिनिधित्व
शहर के सरकारी विभागों के तहत स्टेक होल्डर्स के तौर पर नगर आयुक्त, सीएमओ, एसपी सिटी, सब एरिया कमांडर, यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक, यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय अधिकारी, सीजीएसटी के आईआरएस राहुल कुमार यादव, एनएचएआई के परियोजना निदेशक, दौराला, खरखौदा, परतापुर सिटी व कैंट स्टेशन के अधीक्षक, यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक, पीडब्लूडी के चीफ इंजीनियर, डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर के परियोजना प्रबंधक, एमएसएमई के प्रधान निदेशक, बीएसए, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी भाग लेंगे। इसी के साथ इंडियन इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन तथा महायोजना बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मेडा के नगर नियोजक विजय कुमार सिंह ने बताया कि शहर के अग्रणी लोगों को विशेषतौर पर बैठक में बुलाया जाएगा। सभी के मंथन के बाद सीएलपी को अंतिम रूप दिया जाएगा।