मशहूर पंजाबी सिंगर रफ्तार के सुर की महफिल में रविवार को मेरठ के युवा ‘गिरफ्तार’ हो गए। रैपर की दुनिया का यह सितारा जब स्टेज पर चढ़ा तो स्टूडेंट्स की दिल की धड़कन तेज हो गईं।
लाइव परफोरमेंस में ऐसे समां बंधा कि छात्र-छात्राएं खुद को डांस करने से रोक न सके। जोशीली भीड़ को देखकर रफ्तार ने भी करीब एक घंटे तक अपनी गीतों की रफ्तार धीमी नहीं होने दी। एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति दी।
विद्या नॉलेज पार्क के वार्षिक उत्सव निर्वाणा 2016 के समापन को रफ्तार ने अपनी आवाज के जादू से यादगार बना दिया। स्टूडेंट्स ही नहीं पैरेंट्स भी कार्यक्रम देखने पहुंचे।
स्वैग मेरा देशी, चोरा चोरी पार्टी में, शेरा दी पार्टी और तमंचे पे डिस्को आदि कई गाने गाए। रैपर ने अपने अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। म्यूजिक की मस्ती में छात्र-छात्राएं मस्ती में खो गए। सलमान हिमांशु साहिब ने सोलो सांग प्रस्तुत किया। इल्यूशन, एबीएच फाइव और फंकी शंकी डांस ग्रुप ने परफोरमेंस दी।
विजेताओं को पुरस्कार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीसीएसयू के कुलपति प्रो. एनके तनेजा रहे। उन्होंने छात्रों में कुशलता पैदा करने की बात कही। कॉलेज प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। विद्या नॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के निदेशक डॉ. वीके पांडे ने निर्वाणा की महत्ता के बारे में बताया। खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
पहले पुरस्कार 21 हजार रुपये, दूसरा 11 हजार और तीसरा पुरस्कार भी 11 हजार रुपये का दिया गया। विशिष्ट अतिथि महानिदेशक आलोक शर्मा रहे। इस अवसर पर विद्या के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, प्रबंधकीय निदेशक सौरभ जैन, कार्यकारी निदेशक विशाल जैन, डॉ. के ताराशंकर और रोहित खोखर मौजूद रहे।
फैशन का जमा रंग
कार्यक्रम में फैशन का रंग जमा। छात्र-छात्राओं ने रैंप पर अपना हुनर दिखाया। फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलाव मिस्टर और मिस निर्वाणा भी चुने गए। साहिल कबीर मिस्टर निर्वाणा और साक्षी आहूजा मिस निर्वाणा चुनी गईं।
शौक ने बना दिया रैपर : रफ्तार
रफ्तार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें गाना गाने का बचपन से शौक था। धीरे-धीरे शौक बढ़ता गया और जुनून में बदल गया। अच्छा करने पर इसे ही कॅरियर बना लिया।
पब्लिक का अच्छा सपोर्ट मिल रहा है। मेरठ के बारे में कहा कि उनके टीम के कई सदस्य मेरठ के हैं। कई बार यहां आया हूं। लेकिन पहली बार लाइव परफोरमेंस दी है। काफी कुछ यहां के बारे में जानता हूं। ऐतिहासिक शहर है। बढ़ती रैप सिंगिंग के बारे में कहा परिवर्तन प्रकृति का नियम है।
यह सबको पसंद है। आने वाले दिनों में रैप सिंगिंग और बढ़ेगी। युवाओं इसको लेकर दीवानगी है। शिक्षण संस्थानों में रैपर की जबरदस्त डिमांड है। कई लाइव परफोरमेंस कर चुका हैं। अच्छा रेस्पांस मिलता है।