नौचंदी मैदान में दिल्ली हाट की तर्ज पर मेरठ हाट बनाने की कवायद एक बार फिर शुरू हुई है। इस प्रस्ताव को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने मंडलायुक्त के समक्ष रखा था। शासन ने अब इस पर कार्रवाई शुरू की है। इस मामले में कार्रवाई पर्यटन विभाग करेगी, लेकिन कार्यदायी संस्था एमडीए होगा।
दो साल पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह ने नौचंदी मैदान में दिल्ली हाट की तर्ज पर मेरठ हाट बनाने का प्रस्ताव तत्कालीन मंडलायुक्त मृत्युंजय कुमार के समक्ष रखा था। इसमें नगर निगम और जिला पंचायत के संयुक्त सहयोग से विकास की बात कही गई थी।
मंडलायुक्त ने भी इसे गंभीरता से लेते हुए शासन को भेज दिया था। बाद में यह ठंडे बस्ते में चला गया। अब शासन ने इस प्रस्ताव पर निर्देश जारी किया है। शनिवार को जिला पर्यटन प्रोत्साहन परिषद की बैठक में नौचंदी मैदान में मेरठ हाट का मुद्दा उठा।
जिसमें डीएम पंकज यादव ने क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी अमित कुमार को निर्देश दिया कि वह शीघ्र पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजें। डीएम ने कहा कि कार्यदायी संस्था एमडीए होगा। जो पूरे प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन और संचालन करेगा।
संचालन क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी अमित कुमार ने किया। सेवा निवृत्त आईएएस आरके भटनागर, आईएएस प्रशिक्षु ईशा दुहन, मुख्य कोषाधिकारी एपी सिंह, उप निदेशक सूचना नवल कांत तिवारी, नगर निगम के मुख्य अभियंता केबी वार्ष्णेय और डॉ. अमित पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रामीण पर्यटन को भी दिया जाएगा बढ़ावा
क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि प्रदेश शासन ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धन उपलब्ध कराएगा। डीएम के निर्देश पर ग्रामीण पर्यटन के अंतर्गत हस्तिनापुर के किसी एक ग्राम का चयन किया जाएगा। जिसके संयोजक क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी होंगे और 10 दिन में सर्वे कर रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे।
14 फरवरी को होगा हेरिटेज वॉक
प्रदेश में पहली बार 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश पर्यटन दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत एक हेरिटेज वॉक का आयोजन होगा। जिसका निर्धारण एवं स्थलों का चयन क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी करेंगे।
मेरठ में पर्यटन प्रचार प्रसार की दृष्टि से 11,12 और 13 फरवरी को मेरठ पतंग महोत्सव का आयोजन होगा। मेरठ पर्यटन स्थलों की एक वेबसाइट तथा एक फेसबुक आईडी बनाने का काम खेल उद्यमी शेखर भल्ला करेंगे।
डीएम पंकज यादव ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि हस्तिनापुर जाने वाले मार्ग में गणेशपुर से हस्तिनापुर तक सड़क का उच्चीकरण और चौड़ीकरण का कार्य कराया जाए।