देशभर के केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक में सत्र 2016 के प्रवेश के लिए एक फरवरी को नोटिस चस्पा हो जाएगा। अभिभावक विद्यालयों में जाकर प्रवेश संबंधी सभी जानकारियां ले सकते हैं।
वहीं केंद्रीय विद्यालयों में पहली कक्षा में प्रवेश के लिए 08 फरवरी से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। शहर में केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस, पंजाब लाइंस व डोगरा लाइंस में भी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
प्रवेश के लिए इन तिथियों को रखें याद
- क्लास वन में एडमिशन के लिए 08 फरवरी से रजिस्ट्रेशन शुरू
- क्लास वन में रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 10 मार्च
-18 मार्च को जारी होगी क्लास वन के आवेदकों की चयन सूची
- अन्य कक्षाओं में एडमिशन के लिए 04 अप्रैल से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
- अन्य कक्षाओं में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई
दूरी का रखें खास ख्याल
बच्चे का दाखिला केंद्रीय विद्यालय में कराने के लिए रजिस्ट्रेशन फार्म भरते वक्त स्कूल से आवास की दूरी का ख्याल रखें। फार्म में स्कूल व अपने घर की दूरी 05 किमी तक भरने की कोशिश करें।
इसके अलावा जन्म प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, मूल निवास, वोटर कार्ड, पेन कार्ड, बिजली बिल, छात्र की पूर्व मार्कशीट, टीसी और अन्य कागजों को भी तैयार कर लें। छात्र का रीसेंट फोटो भी खिंचवाकर रखें।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर चल रहा विचार
पब्लिक स्कूलों की तरह केंद्रीय विद्यालयों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के मुद्दे पर विचार चल रहा है। माना जा रहा है कि इसी शिक्षण सत्र से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो सकती है। इसकी सूचना भी बोर्ड द्वारा एक फरवरी को जारी हो सकती है।