प्रदेश में पॉलीथिन बैन का नियम मेरठ में पहले ही दिन ध्वस्त हो गया। शहर के बाजारों में हर तरफ पॉलीथिन (कैरी बैग) का प्रयोग करते दुकानदार और लोग नजर आए। वहीं, पहले ही दिन कुछ उद्यमियों ने अपनी इकाइयां खोलीं तो कुछ ने नियम की पूर्ण जानकारी न होने के कारण इकाई बंद रखी।
ग्राहकों ने जताई नाराजगी
आबूलेन, सदर, बांबे बाजार, भगत सिंह मार्केट, लाल का बाजार, वैली बाजार, खैरनगर, शहर सर्राफा, गुजरी बाजार, घंटाघर, सेंट्रल मार्केट, गोल मार्केट, बुढ़ाना गेट, शारदा रोड, शास्त्रीनगर, कंकरखेड़ा आदि मार्केट में दुकानदार पॉलीथिन का यूज करते नजर आए। वहीं जिन दुकानों पर कैरी बैग नहीं दिया गया, वहां ग्राहकों ने पॉलीथिन का कैरी बैग न देने पर नाराजगी जताई।
थोक दुकानों से हुई सेल
पॉलीथिन (कैरी बैग) की थोक दुकानें कोटला, सदर, कबाड़ी बाजार, भूमिया का पुल, माधवपुरम, भगत सिंह मार्केट, गोला कुआं, साबुन गोदाम, लाल का बाजार, खैरनगर, कागजी बाजार, तीरगरान, शास्त्रीनगर, मेडिकल, कंकरखेड़ा नटराज चौराहा, मोदीपुरम हाईवे आदि जगह हैं। यहां 50 से ज्यादा दुकानें है।
जहां से रिटेल दुकानदारों ने बृहस्पतिवार को भी खरीदारी की। इसके अलावा साइकिल और मोपेड से दर्जन लोग ठेले वालों को पॉलीथिन सप्लाई करते नजर आए। इस कारण फल और सब्जी के ठेलों पर लोगों को पॉलीथिन में ही सामान दिया गया।
उद्योग कुछ बंद तो कुछ चले
शहर में 80 से ज्यादा छोटी-बड़ी पॉलीथिन की इकाइयां संचालित हैं। ये मुख्य रूप से टीपीनगर, मोहकमपुर, शताब्दीनगर, हापुड़ रोड, मवाना रोड, बागपत रोड क्षेत्रों में हैं।
इनमें से कुछ इकाइयां बृहस्पतिवार को बंद रहीं तो चलती रहीं। प्लास्टिक प्रोसेसिंग, मैन्यूफैक्चरिंग एंड ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग ने बताया कि सरकार के नियम की पूरी जानकारी न होने से परेशानी हो रही है।
छावनी में भी पॉलीथिन का हुआ यूज
छावनी क्षेत्र के बाजारों में भी पॉलीथिन का यूज किया गया। कैंट बोर्ड की तरफ से बृहस्पतिवार को सरकार के नियम के अनुसार कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कमेटी रोकेगी पॉलीथिन का इस्तेमाल
मोदीपुरम। पॉलीथिन (कैरी बैग) के इस्तेमाल पर रोक के लिए प्रमुख सचिव पर्यावरण के निर्देश पर डीएम पंकज यादव ने मेरठ सदर तहसील, मवाना और सरधना तहसील में कमेटी का गठन किया है।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ बीबी अवस्थी का कहना है कि कमेटी के माध्यम से दिल्ली, उत्तराखंड और अन्य स्थानों से आने वाली पॉलीथिन की रोकथाम की जाएगी।
ये होंगे कमेटी में शामिल
एसडीएम, अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी और नामित अधिकारी, सदस्य, उपनिदेशक पर्यावरण और नामित अधिकारी, सदस्य, प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय और नामित अधिकारी, सदस्य
नगर आयुक्त द्वारा नामित अधिकारी, सदस्य, सीएमओ द्वारा नामित अधिकारी, सदस्य, संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी छावनी द्वारा नामित सदस्य
जिला विपणन एवं आपूर्ति अधिकारी के नामित सदस्य, श्रम आयुक्त द्वारा नामित अधिकारी, सदस्य, अभिहीत अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा नामित सदस्य