रजपुरा-भूड़पुर गांव में रविवार को बिना अनुमति चार सौ मीटर की भैंसा बुग्गी रेस आयोजित कर गई। सूचना मिलने के बाद पुरस्कार वितरण में पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार दी, जिससे वहां आसपास के ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने आयोजन स्थल से लाउडस्पीकर सहित अन्य सामान को हटवा दिया।
गंगानगर और भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव रजपुरा और भूड़पुर के रास्ते पर रविवार को चार सौ मीटर की भैंसा बुग्गी रेस का आयोजन किया गया। जिसमें दूरदराज से लोग भैंसा लेकर रेस के लिए पहुंच गए। इस दौरान इसकी जानकारी गंगानगर पुलिस को लगी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आयोजनकर्ताओं ने रेस केवल एक घंटे के लिए कराने की बात कही। उसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि सैकड़ों की संख्या में भीड़ हुड़दंग मचा रही है। इसकी शिकायत जब उच्चाधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने थाना पुलिस को तत्काल रेस बंद कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अफसरों के निर्देश मिलने पर गंगानगर, भावनपुर और इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक रेस पूरी हो चुकी थी और पुरस्कार वितरण की तैयारी चल रही थी। भारी संख्या में पहुंची पुलिस को देख भीड़ में भगदड़ मच गई। लोग खेतों में दौड़ते हुए तितर-बितर हो गए। बाकी बची भीड़ को पुलिस ने लाठी फटकारकर आयोजन स्थल से भगा दिया। पुलिस ने मौके से लाउड स्पीकर, ट्रैक्टर ट्राली को भी हटवा दिया।
अनुमति को लेकर हुआ झंझट
मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने बताया कि आज रविवार को पूरे मेरठ में पांच जगह भैंसा बुग्गी रेस हो रही है। यहां की रेस में विजेता की इनामी राशि 71 सौ रुपये रखी गई है, जबकि वहां मौजूद अन्य लोगों में चर्चा थी कि यह राशि एक लाख रुपये है। रजपुरा गांव प्रधान विपिन चौधरी ने बताया कि गांव में भैंसा बुग्गी रेस पहले भी होती है, जिसमें किसी परमिशन की जरूरत नहीं होती। लेकिन पुलिस ने बिना परमिशन रेस होने की बात करते हुए पुरस्कार वितरण रुकवा दिया।