कैलाश प्रकाश स्टेडियम में सोमवार को डॉ. भारत अत्री खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक जीते। मुख्य अतिथि डीआईजी जेल वीके शेखर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में सर्वप्रथम 8 किमी की क्रास कंट्री दौड़ हुई। इसमें करीब 200 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। क्रास कंट्री में विशाल प्रथम, टिंकू कुमार द्वितीय, दीपक तृतीय रहे। दौड़ में 60 साल से ज्यादा उम्र के ऋषिपाल भी दौड़े, जिन्हें अलग से सम्मानित किया गया। इसके बाद फुटबाल प्रतियोगिता हुई, जिसमें 6 से ज्यादा टीमों ने प्रतिभाग किया।
विजेता ओल्ड बाय फुटबाल क्लब और उपविजेता स्टेडियम टीम बनीं। वॉलीबाल प्रतियोगिता में 5 टीमों ने भाग लिया। डागर एकेडमी विजेता और डोरली क्लब उपविजेता बनीं। बास्केटबाल प्रतियोगिता में 8 टीमें शामिल हुईं। सेंट थामस इंग्लिश मीडिया स्कूल विजेता और सिटी वोकेशनल उपविजेता बनी।
कबड्डी प्रतियोगिता में 10 टीमों ने भाग लिया। इसमें दबथुआ विजेता और बुलंदशहर उपविजेता बनी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी मुद्रिका पाठक, राजाराम, एथलीट कोच जयवीर सिंह, जिला कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन रजनीश कौशिक, जगेंद्र सिंह, संसार सिंह, किरण पाल सिंह, प्रेम कुमार, नवीन त्यागी, सतीश चंद्र शर्मा, ललित पंत, ओमकार मौजूद रहे।