स्पोर्ट्स उद्यमी की अपह्त बेटी गौरी शर्मा मंगलवार रात अपनी नानी के घर सकुशल पहुंच गई। केएल इंटरनेशनल स्कूल की छठी कक्षा की इस छात्रा की खोजबीन में पुलिस की चार टीमें लगी थीं।
मंगलवार दिन भर गौरी के शास्त्रीनगर इलाके में देखे जाने की बात सामने आ रही थी। रात करीब 10:10 बजे उसके शास्त्रीनगर सेक्टर छह स्थित नानी के घर पहुंचने की सूचना मिलने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। छात्रा अभी डरी हुई है, कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
मेडिकल थानाक्षेत्र के सोमदत्त विहार निवासी स्पोर्ट्स उद्यमी पवन शर्मा की बेटी गौरी (13) सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने छोटे भाई ध्रुव के साथ केएल इंटरनेशनल स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन पहुंची नहीं थी।
दोपहर को छुट्टी के समय ध्रुव ने रोते हुए जब बताया था कि सुबह स्कूल से कुछ ही दूर उसका दीदी (गौरी) का हाथ उससे छूट गया था। जिसके बाद गौरी के अपहरण का शोर मच गया था। दिन भर की तलाश के बाद गौरी के न मिलने पर मेडिकल थाने पर उसका अपहरण का केस दर्ज कराया गया था।
किशोरी छात्रा के अपहरण की बात सामने आने पर भी पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं बरती और तरह-तरह की बात करती रही। 24 घंटे बाद भी छात्रा का सुराग न लगने पर मंगलवार सुबह चौतरफा दबाव बना, तब जाकर पुलिस गंभीर हुई।
एसएसपी डीसी दूबे और एसपी सिटी ओपी सिंह क्राइम ब्रांच के साथ खुद सक्रिय हुए। एसएसपी ने जहां परिजनों से बातचीत की तो पुलिस की चार टीमों को अलग-अलग भेजा गया।
इस बीच गौरी के मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे शास्त्रीनगर सी ब्लॉक में और फिर 10:30 बजे शास्त्रीनगर ए ब्लॉक में देखे जाने की बात सामने आई। सूचना पर पुलिस और परिजन पहुंचे, लेकिन गौरी वहां नहीं मिली। पुलिस गौरी को खोजने में असफल साबित हुई।
मंगलवार रात करीब 10:10 बजे सूचना मिली कि गौरी शास्त्रीनगर सेक्टर-6 में रहने वाली अपनी नानी के घर खुद ही पहुंच गई है। इस सूचना से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। वहां पहुंचे परिजन गौरी से लिपटकर रो पड़े। एसपी सिटी ने बताया कि बच्ची डरी हुई है। अभी उससे कुछ भी पूछना ठीक नहीं।
अकेले में पूछताछ
एसपी सिटी ओपी सिंह ने देर रात गौरी से अकेले में बातचीत की। एसपी सिटी के अनुसार छात्रा से पूछताछ में सामने आया है कि घर के किसी सदस्य के डांटने पर बच्ची अपसेट हो गई थी।
इसके अलावा बच्ची ने स्कूल की एक शिक्षिका द्वारा होम वर्क पूरा न होने पर उसे डांटने की बात भी बताई है। छात्रा डिप्रेशन में होने के चलते खुद ही गई थी। किसकी क्या गलती थी, यह जल्द सामने आएगा।