कस्बे में धार्मिक पुस्तक को जलाए जाने का मामला अभी शांत हुआ है। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और थाना प्रभारी व एसएसआई को हटाने की मांग को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने विधायक के आवास पर धरना दिया।
शुक्रवार हस्तिनापुर विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि के आवास पर धरना प्रदर्शन करते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया कि 21 दिसंबर को मुस्लिम समुदाय के ही कुछ युवकों ने अलाव में धार्मिक पुस्तक को जला दिया था। एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि मवाना पुलिस ने इस मामले में कस्बे के करीब 22 युवकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं, इस काम को थाना प्रभारी और एसएसआई कर रहे हैं। विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि ने आश्वासन दिया कि फर्जी मुकदमे समाप्त कराए जाएंगे। इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से भी मिलेगा।
इस दौरान नायब शहर काजी मौलाना सलीम कुरैशी, यूसुफ कुरैशी, हाजी तहजीब आलम, नदीम अख्तर, समीर हलवाई, अय्यूब कालिया, फराहिम सिद्दकी आदि मौजूद रहे।