एमएलसी चुनाव में मेरठ-गाजियाबाद सीट पर बृहस्पतिवार को सपा प्रत्याशी राकेश यादव ने पर्चा दाखिल किया। उनके साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर मौजूद रहे। डीएम पंकज यादव ने उनका नामांकन पत्र प्राप्त किया।
राकेश यादव सुबह 11:30 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, विधायक प्रभुदयाल वाल्मीकि, पूर्व सांसद हरीश पाल, पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी आदि तमाम नेता रहे।
थोड़ी ही देर बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव कलक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन कक्ष में प्रो. रामगोपाल के साथ प्रत्याशी राकेश यादव, केबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर और जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान पहुंचीं। करीब आधा घंटा तक नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया चली। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता सपा कार्यालय की तरफ रवाना हो गए।
नहीं दोहरायी जिला पंचायत अध्यक्ष नामांकन की गलती
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में नामांकन के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश के बावजूद दर्जन भर नेता अंदर चले गए थे। जबकि सिर्फ तीन लोगों के ही जाने की अनुमति थी। इस पर डीएम ने संबंधित मजिस्ट्रेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
इस बार भी नामांकन कक्ष में प्रत्याशी सहित पांच लोगों के आने का आदेश था। जिसके लिए एसीएम अरविंद सिंह और रितु पूनिया की ड्यूटी गेट पर लगाई गई थी। जबकि सिटी मजिस्ट्रेट केशव कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट एसके दूबे दूर से निगरानी कर रहे थे। इन चारों मजिस्ट्रेटों ने सभी को बाहर रोक दिया और सिर्फ पांच लोगों को ही भीतर जाने दिया।
प्रोफेसर साहब को चेहरा दिखाने की रही होड़
कलक्ट्रेट में मौजूद पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारियों में प्रो. रामगोपाल यादव के करीब जाने और चेहरा दिखाने की होड़ नजर आई। तमाम अधिकारी सुबह से ही मुस्तैद थे। एसपी सिटी ओमप्रकाश संयत भाषा में सपाइयों से निवेदन करते नजर आए। यही नहीं एक थानेदार तो प्रो. रामगोपाल यादव से कानाफूसी करते भी नजर आए। जबकि प्रशासन के अधिकारियों ने भी आगे बढ़कर उनका स्वागत किया।
एसपी सिटी रोकते रहे नेता पहुंचे अंदर
एसपी सिटी ओमप्रकाश ट्रेजरी के सामने बनाई गई बेरिकेडिंग पर फोर्स के साथ मौजूद थे। यहां से आगे उन्होंने सिर्फ आधा दर्जन वरिष्ठ नेताओं को ही जाने दिया। लेकिन इससे अलग दूसरे रास्ते से पहले ही विधायक प्रभुदयाल, पूर्व सांसद हरीशपाल, पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी सहित करीब एक दर्जन नेता डीएम आफिस के बाहर पहुंच कर खड़े हो चुके थे। जिन्हें वहां से हटाने की हिम्मत किसी की नहीं हुई।
सीमा प्रधान ने छुए पैर
जिस समय प्रो. रामगोपाल यादव नामांकन कक्ष में घुसे, तभी वहां पहले से मौजूद सीमा प्रधान ने उनके पैर छुए और जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने पर आशीर्वाद मांगा।