मरीजों को निजी अस्पताल ले जाने के लिए मेडिकल कालेज में खड़ीं एंबुलेंस
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को प्राइवेट एंबुलेंस वाले बहला-फुसलाकर निजी अस्पताल में ले जाते हैं। काफी कोशिश के बाद भी इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे मेडिकल कॉलेज प्रबंधन परेशान है। गुरुवार को इस संबंध में प्राचार्य ने डीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में काफी संख्या में प्राइवेट एंबुलेंस दिन-रात खड़ी रहती हैं। आपातकालीन (इमरजेंसी) विभाग में आने वाले मरीजों को एंबुलेंस वाले झांसा देकर निजी नर्सिंग होम में ले जाते हैं।
यह भी पढ़ें: ऐसे खुली मेडिकल कॉलेज की पोल, इमरजेंसी की ये 9 तस्वीरें देख हो जाएगा यकीन
उन्होंने बताया कि मेडिकल थाने की पुलिस को भी इससे अवगत कराया जा चुका है। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। लिहाजा इन प्राइवेट एंबुलेंस को यहां से हटवाने के दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। वहीं निजी एंबुलेंस में मरीजों को मेडिकल से प्राइवेट अस्पताल ले जाने के इस ‘खेल’ में मेडिकल स्टाफ की भी भूमिका होने के आरोप लगते रहे हैं। पहले भी यह बात उठ चुकी है। इसके बाद भी मेडिकल प्रबंधन की तरफ से इस पर सख्त कदम नहीं उठाए गए।
प्राचार्य ने किया निरीक्षण
मेडिकल के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, उप अधीक्षक डॉ. दिनेश राणा, माइक्रोबायोलॉजी लैब प्रभारी डॉ. अमित गर्ग आदि ने गुरुवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में साफ-सफाई की हिदायत दी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/