दूषित खाना और पानी बढ़ा रहा है गेस्ट्रोएन्टेराइटिस (आंत्रशोथ) की भी बीमारी
दूषित खाना और पानी गेस्ट्रोएन्टराइटिस (आंत्रशोथ) की बीमारी भी बढ़ा रहा है। इससे मरीज के पेट में दर्द, मरोड़ के साथ लूज मोशन होने लगते हैं। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या होती है प्यास तेज लगती है, लेकिन पानी पीने पर उल्टी होने लगती है।
दो तरह का होता है डायरिया
डायरिया दो तरह का होता है। एक्यूट और क्रॉनिक। एक्यूट डायरिया जीवाणु विषाणु या पैरासाइट के कारण होता है। यह सामान्यत: हफ्ते भर में ठीक हो जाता है, लेकिन जब बीमारी हफ्ते भर से ज्यादा रह जाए तो उसे क्रॉनिक कहा जाता है। क्रॉनिक डायरिया आंत की विभिन्न बीमारियों के कारण हो सकता है। इसमें पाचन तंत्र की गंभीर गड़बड़ी पाई जाती है।
यह निकले कारण
- खाने-पीने की चीजों में प्रदूषण, उनका बासी या खराब होना
- बच्चों में डायरिया होने की बड़ी वजह स्तनपान के दौरान साफ सफाई नहीं होना
- बाहर का खाना, फास्ट फूड और पैक्ड फूड का इस्तेमाल
- कटे हुए और खुले में रखे फल खाना
- एसी, कूलर वाले कमरे में से सीधे धूप में निकलना
- रोटा वायरस का संक्रमण होना
- धूप से लौटकर आते ही तत्काल पानी पीना
- बच्चों में मिलावटी दूध से
- पाचन शक्ति कमजोर होना, शरीर में पानी की कमी होना
ऐसे करें बचाव
- इससे बचने का सबसे उपयुक्त तरीका साफ पानी पीना है।
- डायरिया में बच्चों को उबला हुआ पानी देना ज्यादा फायदेमंद है।
- बाहर का खाना, फास्ट फूड और पैक्ड फूड का इस्तेमाल से बचें।
- साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- शौच के बाद अच्छी तरह साबुन से हाथ धोएं।
- पेट में दर्द की समस्या हो तो बिना देर करे चिकित्सक से सलाह लें।
डायरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान में रोटा वायरस की वैक्सीन को भी शामिल किया है। यह वैक्सीन बच्चों और 16 साल तक के किशोरों को लगाई जा रही है। साथ ही लोगों को दूषित खानपान के प्रति जागरूक कराया जा रहा है। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ