मेरठ मंडल के नए कमिश्नर भानू चंद्र गोस्वामी ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। कमिश्नर कार्यालय में डीएम, एसएसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
मेरठ मंडल के नवनियुक्त मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी ने शनिवार को कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवागंतुक कमिश्नर का बुके भेंट कर स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद कमिश्नर भानू चंद्र गोस्वामी मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली को पारदर्शी, जवाबदेह और सार्वजनिक हित केंद्रित रखने पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही विकास योजनाओं की समीक्षा, जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट और अधिकारियों के साथ समन्वय के माध्यम से जिले और मंडल स्तर पर चल रही योजनाओं की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी।