सदर थानाक्षेत्र में चार दिसंबर की रात मेडाकर्मी राधेश्याम सोनकर के इकलौते बेटे केशव की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस कई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। दो आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि कई फरार हैं।
सदर बाजार थाना क्षेत्र में वेस्ट एंड रोड पर हुई एलएलबी के छात्र केशव की हत्या के समय बाइक पर तीन युवक भी कुछ दूरी पर खड़े थे। केशव की हत्या होते ही वे बाइक लेकर भाग गए। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखने पर इसका खुलासा हुआ। पुलिस अब इन युवकों को पहचान कराने में जुटी है।
विज्ञापन
वेस्ट एंड रोड निवासी मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के कर्मचारी राधेश्याम सोनकर के इकलौते बेटे केशव (25) की चार दिसंबर की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। उसका अपने बहनोई फाजलपुर निवासी अंश के साथ बहन को लेकर विवाद चल रहा था।
केशव की छोटी बहन टीना ने जनवरी 2025 में अंश के साथ कोर्ट मैरिज की थी। बाद में दोनों के बीच मनमुटाव होने पर टीना अपने घर आ गई थी। वह काफी समय से मायके में ही रह रही है। इसी को लेकर केशव और अंश में भी कहासुनी होती थी। इसी पारिवारिक विवाद में केशव की हत्या की गई थी।
मृतक के पिता राधेश्याम ने थाना सदर बाजार में अपने दामाद अंश निवासी रोहटा रोड फाजलपुर, उसके दोस्त रोहटा रोड निवासी आयुष बंसल, हर्ष, छोटू, छोटे निवासी कासमपुर और सात-आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने छह दिसंबर को नामजद अंश और उसके दोस्त आयुष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया था। अभी इस मामले में नामजद हर्ष, छोटू और छोटे समेत अन्य अज्ञात वांछित चल रहे हैं।
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में अंश और आयुष बंसल वारदात कर भागते दिखाई दिए थे, दोनों को जेल भेजा जा चुका है। फुटेज देखने पर पता चला कि वारदात के समय वहां से कुछ ही दूरी पर बाइक पर तीन अन्य युवक भी खड़े थे, जिन्होंने कपड़े से अपने चेहरा ढंक रखा था। गोली चलने की आवाज सुनकर वो बाइक लेकर भाग गए। उसके पीछे अंश और आयुष गए थे।
पुलिस इन तीनों युवकों भी पहचान कराने में लगी है। उनको भी षडयंत्र रखने में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा बाकी नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मृतक और सभी आरोपियों के मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवाई गई है। जिसकी जांच की जा रही है। जल्द अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।