अंडरग्राउंड स्टेशन से बाहर निकलती रैपिड ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले दो महीने से मेरठ साउथ से शताब्दी नगर स्टेशन तक ट्रेन का ट्रायल रन चल रहा था। बृहस्पतिवार को नमो भारत रैपिड ट्रेन का ट्रायल रन मोदीपुरम तक शुरू कर दिया गया। पहली बार नमो भारत ट्रेन बेगमपुल अंडरग्राउंड स्टेशन से होते हुए रुड़की रोड से जाकर मोदीपुरम पहुंची। मोदीपुरम में लोगों में नमो भारत ट्रेन को देखकर जबरदस्त उत्साह और रोमांच दिखा। ट्रेन के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किए।
नमो भारत रैपिड ट्रेन के मेरठ में चार स्टेशन हैं। मेरठ साउथ स्टेशन से शुरू होकर शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम में ट्रेन का ठहराव होगा। इन चारों स्टेशन पर मेट्रो और नमो भारत दोनों की सुविधा यात्रियों को मिलेगी। दूसरी ओर मेट्रो ट्रेन के मेरठ में 13 स्टेशन हैं।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि पहली बार सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन चली है, यह बड़ी उपलब्धि है। सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक और मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम तक नमो भारत का ट्रायल रन चल रहा है।