चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग स्थित द गॉड्स पैलेस रिसोर्ट में बीते मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी और रोहतक की जनता कॉलोनी निवासी किक बॉक्सर साहिल भारद्वाज का विवाह समारोह संपन्न हुआ। समारोह के दौरान दंपती ने मस्कट बंदूक से हवाई फायरिंग की और नोट उड़ाने की रस्म निभाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को सरधना थाना पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया। उपनिरीक्षक अतुल कुमार ने दंपती के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने हवाई फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात जयमाला के दौरान अन्नू और साहिल ने बंदूक से दो हवाई फायर किए। इसके तुरंत बाद दूल्हे साहिल ने नोटों की दो गड्डियां दुल्हन के ऊपर उछाल दीं। कई मेहमानों ने इसे लापरवाही भरा कदम बताया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि हर्ष फायरिंग कानूनन प्रतिबंधित है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।