मृतक विक्की का फाइल फोटो
- फोटो : Amar Ujala
सुपरटेक ग्रीन विलेज निवासी सुनील शर्मा का टीपीनगर में ट्रांसपोर्ट और बॉडी मेकिंग का कारोबार है। बड़ा बेटा रिंकू भी उनके साथ काम देखता है। रिंकू की पत्नी वैष्णवी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई हैं। रविवार को विक्की घर पर अकेला था। शाम को छह बजे के करीब भाई रिंकू घर पहुंचा तो विक्की सोफे पर मृत अवस्था में मिला था। उसके सिर पर गहरा निशान था। पुलिस अब तक मान रही थी कि किसी धारदार हथियार से वार करके हत्या की गई है।
रसोई में रखे चाट कुलचे
- फोटो : Amar Ujala
सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया तो सिर से तीन और पेट से एक बुलेट बरामद हुई है। चार गोलियां मारे जाने से स्पष्ट है कि पूरी तैयारी के साथ हत्या की गई। कातिल एक था या उससे ज्यादा, इसकी अभी जानकारी नहीं है।
गेट पर आने-जाने वालों का खंगाला गया रिकॉर्ड
दोपहर में विक्की ने पिता सुनील शर्मा और भाई रिंकू को छोले खिलाने के लिए घर बुलाया था। खाना खाने के बाद वे दोनों दोबारा से ट्रांसपोर्ट पर चले गए थे। इसके बाद ही कातिल ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने सोमवार दोपहर से लेकर शाम छह बजे तक ग्रीन विलेज में बाहर से आने वालों का रिकॉर्ड खंगाला है। जो भी व्यक्ति बाहर से आए हैं, वे कोई भी विक्की के घर नहीं आए। सीसीटीवी फुटेज से भी पुलिस को अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिली है।
सीओ कोतवाली अमित राय का कहना है कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस टीम भी काम कर रही है। विक्की पूजा-पाठ का काम करता था, इसलिए धर्म-कर्म से जुड़े लोगों से भी बातचीत की जा रही है।
यह भी पढ़ें: खून का बदला खून: एलानिया कत्ल से दहल उठा था पूरा गांव, जेल से जमानत पर आए भाइयों ने अंकित को दी दर्दनाक मौत
गोलियां मारकर हत्या को अंजाम दिया गया। सीसीटीवी की फुटेज के अलावा आने-जाने वालों का रिकॉर्ड चेक कराया जा रहा है। सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।
- पीयूष सिंह, एसपी सिटी