निर्माण के दौरान सड़क की ऊंचाई न बढ़ाएं
पहले नाला निर्माण कर जल निकासी का प्रबंध किया जाना चाहिए। तुरंत बाद सड़कों का निर्माण करें। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिल्ली रोड से पीपीडी सेंटर तक सीसी रोड का निर्माण कराएं। सड़क की ऊंचाई न बढ़ाई जाएगी। - सुमनेश अग्रवाल, चैप्टर चेयरमैन, आईआईए
छावनी में बदहाल सड़कें, विधायक को सौंपा ज्ञापन
मेरठ कैंट में वार्ड नंबर 4, 5 और 6 में बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कैंट विधायक अमित अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। दाल मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि 5 वर्ष से सदर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है।
महामंत्री सचिन जैन ने बताया कि सीवर लाइन बिछाई गई, लेकिन उसके ढक्कन सड़क के ऊपर आ रहे हैं। कोषाध्यक्ष सुधीर रस्तोगी ने कहा कि विद्युत खंभे जर्जर हैं। बिजली के तार सड़क को छू रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में संयुक्त व्यापार संघ मंत्री अंकित मनु गुप्ता, समीर खुराना, अनिल कंसल, कृष्ण गोपाल, विवेक रस्तोगी मौजूद रहे।
जलभराव देख नाराज हुए ऊर्जा राज्यमंत्री
मोहकमपुर और माधवपुरम में जलभराव देखकर ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी को फोन कर समस्या के स्थाई समाधान के निर्देश दिए। शनिवार को राज्यमंत्री ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। सड़क पर लबालब पानी भरा था। एक साल पहले 60 लाख रुपये से बनी सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। उन्होंने अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल, अधिशासी अभियंता विकास कुरील को फटकार लगाई।
इसके बाद राज्यमंत्री माधवपुरम ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। इनके साथ मनोनीत पार्षद राजकुमार मांगलिक ने कहा जलभराव से ग्रीन बेल्ट का अस्तित्व खत्म हो रहा है। सड़कें टूट रही हैं। निगम के अधिकारियों से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई नहीं सुन रहा है।