सोमवार को संभल एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आरोपी मेरठ का रहने वाला है। इसकी पत्नी ने संभल पुलिस से संपर्क कर बताया था कि उसके पति ने अपनी पूर्व पत्नी, मां और पिता की हत्या बीमा क्लेम पाने के लिए की है।
एसपी ने बताया कि एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने इस शिकायत की जांच की तो विभिन्न बीमा कंपनियों में पॉलिसी कराई गईं और उनका क्लेम भी हड़पा गया। जब शिकायत काफी हद तक सही पाई गई तो हापुड़ पुलिस को जांच भेजी गई।
हापुड़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पत्नी ने संभल पुलिस से संपर्क किया था। तीन हत्या कर बीमा क्लेम हड़पने की साजिश की जानकारी दी थी। इसके बाद जांच पड़ताल में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद ही हापुड़ पुलिस को रिपोर्ट भेजी थी। बीमा क्लेम हड़पने वाली गिरोह के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। -कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल
संभल में भी चार हत्या के खुलासे हो चुके हैं
बीमा क्लेम पाने के लिए संभल पुलिस चार हत्या के मामले सुलझा चुकी है। इस गिरोह ने बीमा क्लेम पाने के लिए पहले पॉलिसी कराई और फिर प्रीमियम भी भरे। बाद में हत्या कर हादसा बताया और क्लेम भी पा लिए। एसपी का कहना है कि बीमा क्लेम हड़पने वाले गिरोह की जांच में दूसरे जिले के कई केस सामने आए हैं। उन जिलों को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी। यह 100 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि हड़पने का मामला सामने आ चुका है।
गिरोह के खिलाफ हो चुकी है गैंगस्टर के तहत कार्रवाई
एसपी ने बताया कि 17 जनवरी से लगातार कार्रवाई की जा रही है। 100 करोड़ रुपये से ज्यादा क्लेम राशि हड़पने का मामला सामने आ चुका है। 50 से ज्यादा आरोपी जेल जा चुके हैं। अलग-अलग जिलों में भी एफआईआर हो चुकी हैं। इस गिरोह का नेटवर्क 12 राज्यों तक फैला है। गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। इस गिरोह की संपत्ति का ब्योरा खंगाला जा रहा है। संपत्ति जब्त भी की जाएगी।
ईडी दर्ज कर चुकी है केस
देश का बड़ा बीमा क्लेम घोटाला संभल पुलिस ने खोला है। इसमें करोड़ों रुपये का घोटाला करने के लिए गिरोह ने हत्याएं की हैं। मर चुके लोगों के नाम पर क्लेम पाया है। फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं। 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला सामने आने के बाद ईडी ने भी लखनऊ में केस दर्ज कर लिया है। ईडी की कार्रवाई भी चल रही है।