इलमा और उसके प्रेमी अमन ने मिलकर तालिब की हत्या कर दी थी। इलमा ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात बताई, लेकिन जब शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम हुआ तो मामले का खुलासा हो गया। हत्यारोपी पत्नी को पहले ही पुलिस कर गिरफ्तार कर चुकी है।
लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में हुए तालिब हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के 26 दिन बाद पुलिस ने जाकिर कॉलोनी निवासी आरोपी अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी हत्या के बाद से दिल्ली और गाजियाबाद में अपने रिश्तेदारों के घर छिपा हुआ था। इस मामले में पुलिस तालिब की पत्नी इलमा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
विज्ञापन
Trending Videos
तालिब और हत्यारोपी पत्नी इलमा। फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
जाकिर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करने वाले तालिब (मूल निवासी रसूलपुर भदेड़ी, बुढ़ाना मुजफ्फरनगर) की शादी चार साल पहले ब्रह्मपुरी निवासी इलमा से हुई थी। इसी बीच इलमा का प्रेम प्रसंग अमन से हो गया। तालिब को जब इसकी भनक लगी तो उसने अमन को अपनी पत्नी से बात करने से मना किया।
आरोप है कि इसी वजह से 28 सितंबर की रात इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलमा ने परिजनों को गुमराह करने के लिए मौत की वजह हार्ट अटैक बताई। झांसे में आकर परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को गांव में दफना दिया था।
बाद में तालिब के ममेरे भाई रईस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद 14 अक्तूबर को डीएम के आदेश पर कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तालिब की पत्नी इलमा को गिरफ्तार कर लिया था।
मोबाइल चैट से खुला हत्या का राज
तालिब की मौत का राज उसके मोबाइल फोन से खुला। 30 सितंबर को जब इलमा ससुराल से वापस जाकिर कॉलोनी आई, तो अगले दिन 1 अक्तूबर को तालिब का ममेरा भाई रईस वहां पहुंचा। इलमा ने तालिब का मोबाइल देने से इनकार किया, जिससे रईस को शक हुआ। घर से मोबाइल बरामद कर जब जांच की गई तो उसमें अमन और इलमा के बीच हुई बातचीत की चैट मिली।
चैट से साफ हुआ कि तालिब ने अमन को दूर रहने की चेतावनी दी थी। इस सबूत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी अमन को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।