मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र शाहजहां कॉलोनी रिश्तेदारी में मौसी के घर आए लोनी निवासी युवक की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई। शव को मौसी के मकान से मात्र 5 सौ मीटर दूर समर गार्डन स्थित खाली पड़े प्लाट के सीवर में डाल दिया। युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुची पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
गाजियाबाद के लोनी कमेला रोड निवासी शाहरुख पुत्र शहजाद तीन दिन पूर्व लोनी से तारापुरी स्थित आरामशीन वाली गली निवासी अपनी बहन शाइस्ता पत्नी आबिद से मिलने के लिए आया था। शनिवार को शाहरुख अपनी बहन शाइस्ता के यहां से मौसी कोसर पत्नी नसीम निवासी शाहजहां कॉलोनी गली नंबर नौ में चला गया।
मृतक शाहरुख के मौसेरे भाई सुहेल ने बताया कि रात्रि करीब नौ बजे वह शाहरुख को घर के बाहर खड़ा छोड़कर कैरम खेलने चला गया था। देर रात्रि जब वह घर पर पहुंचा तो शाहरुख घर पर नहीं था। सुबह करीब 11 बजे कौशर के मकान से मात्र 5 सो मीटर दूर समर गार्डन स्थित खाली पड़े चुन्नू निवासी जाकिर कॉलोनी के निर्माणाधीन प्लाट में खेल रहे बच्चों ने सीवर में शाहरुख का शव देखकर शोर मचाया।
इस दौरान आसपास के लोगों द्वारा मृतक की पहचान शाहरुख के रूप में करने के बाद मामले की जानकारी। शाहरुख की मौसी और उसके बेटों को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतक शाहरुख के मौसेरे भाइयों ने शव की पहचान शाहरुख के रूप में करते हुए शव को सीवर से निकाला और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
बताया गया कि मृतक के चेहरे पर ईंटों से कुचलने के निशान थे। प्रतीत हो रहा था कि आरोपियों ने हत्या ईटों से कुचलकर की है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर जांच शुरू कर दी। घटना स्थल पर पहुंचे सीओ कोतवाली और इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट ने मृतक के मौसेरे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी है। पुलिस शाहरुख की हत्या अवैध संबंधों के चलते मानकर जांच कर रही है।