मेरठ में कुत्ते के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन न लगवाने की लापरवाही एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। लक्षण सामने आने के बाद इलाज के प्रयास किए गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
लापरवाही बनी मौत की वजह
संजय कॉलोनी निवासी लवी कुमार को कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन इस बार उन्होंने एंटी रेबीज इंजेक्शन नहीं लगवाया। कुछ दिनों बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और पानी से डर (हाइड्रोफोबिया) जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे। इलाज के लिए उसे कई अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने मानी गलती
लवी के परिजनों ने स्वीकार किया कि इस बार उन्होंने कुत्ते के काटने को गंभीरता से नहीं लिया। पहले ऐसे मामलों में इंजेक्शन लगवाया गया था, लेकिन इस बार लापरवाही हो गई।