मेरठ में अवैध खनन की शिकायत करने वाले युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानी थाना क्षेत्र के बहरामपुर खास निवासी युवक का आरोप है कि शिकायत करने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थर्ड डिग्री दी और पानी भरी बाल्टी में मुंह डुबोकर यातना दी। बाद में पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अवैध खनन की शिकायत करने पर हिरासत में लिया
जानी थाना क्षेत्र के बहरामपुर खास निवासी दीपेश शर्मा ने बताया कि 23 फरवरी को वह अपने घर में होने वाले शादी समारोह की तैयारी में लगे हुए थे। इसी दौरान सड़क पर कुछ लोग अवैध रूप से खनन कर मिट्टी से डंपर भर रहे थे।
उन्होंने इसका विरोध किया तो एक वाहन ने उनकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी। इसके बाद उन्होंने अवैध खनन और टक्कर मारने की शिकायत जानी थाने में की। आरोप है कि शिकायत करने के बाद पुलिस ने उन्हें ही हिरासत में ले लिया, हालांकि बाद में छोड़ दिया गया।
पांच मार्च को फिर हिरासत में लेकर दी थर्ड डिग्री
पीड़ित का आरोप है कि पांच मार्च को पुलिस ने उन्हें फिर से हिरासत में लिया। इस दौरान थाने में उनके साथ मारपीट की गई और थर्ड डिग्री दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने पानी से भरी बाल्टी में उनका मुंह डुबोकर यातना दी। इसके बाद शांतिभंग करने के आरोप में उनका चालान कर दिया गया।
जमानत के बाद एसएसपी से की शिकायत
जमानत मिलने के बाद दीपेश शर्मा शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो वह न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने बताया कि थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, ऐसे में थर्ड डिग्री देने का आरोप निराधार प्रतीत हो रहा है। फिर भी उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।