बुधवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार बंद हो गया। मेरठ-हापुड़ लोकसभा में पांच विधानसभा किठौर, मेरठ कैंट, मेरठ शहर, मेरठ दक्षिण, हापुड़ विधानसभा में बने 756 मतदान केंद्र पर 20 लाख 530 मतदाता वोट करेंगे। इसके लिए गुरुवार सुबह से पोलिंग पार्टियां रवाना होनी शुरू होने लगीं।
प्रचार प्रसार थमने के बाद जिला प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने कई जगह पर वीडियोग्राफी कराई है, जिससे लेकर सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के समर्थक भी सतर्क है। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया है कि मतदान बूथों का तैयारियां हो चुकी हैं। गुरुवार शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों पर पहुंच जाएंगी। रात में ही ईवीएम पहुंचा दी जाएंगी।
मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट पर प्रत्याशी
1. अरुण गोविल, भारतीय जनता पार्टी
2. देवव्रत कुमार त्यागी, बहुजन समाज पार्टी
3. सुनीता वर्मा, समाजवादी पार्टी
4. अफजाल, सबसे अच्छी पार्टी
5. आबिद हुसैन, सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया
6. भूपेंद्र, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी
7. लियाकत, मजलूम समाज पार्टी
8. हिमांशु, जय हिंद नेशनल पार्टी
शराब और बीयर की दुकानें बंद, 26 की शाम को खुलेंगी
लोकसभा चुनाव का प्रचार खत्म होने के बाद ठेके भी बंद कर दिए गए हैं। अंग्रेजी शराब की दुकान और बीयर शॉप बुधवार शाम छह बजे बंद हो गई है। अब 26 अप्रैल की शाम छह बजे मतदान समाप्ति के बाद ठेके खुलेंगे। जिन विधानसभाओं में चुनाव नहीं है, वहां पर ठेके खुले रहेंगे। बुधवार को ठेके बंद होने से पहले लोग अधिक खरीदारी करते दिखाई दिए। ठेके पर भी बकायदा पोस्टर लगाए गए कि अब 26 अप्रैल की शाम छह बजे ठेके खोले जाएंगे। जिला आबकारी अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को मेरठ और बागपत लोकसभा क्षेत्र में चुनाव है।