अस्पताल में भर्ती प्रेमी प्रवीण सैनी।
- फोटो : अमर उजाला
रोहटा रोड फाजलपुर अनूपनगर निवासी 24 वर्षीय सोनी सैनी ने बुधवार को पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया था। सोनी का पड़ोस में रहने वाले प्रवीण सैनी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रवीण ने भी थिनर डालकर खुद को आग लगा ली थी। बृहस्पतिवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में प्रेमिका का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रवीण को गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड अनूपनगर फाजलपुर निवासी प्रवीण सैनी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। प्रवीण का पड़ोस में रहने वाली सोनी से पांच वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। मगर प्रेमी जोड़े की मां आपस में बहनें लगती हैं, जिस कारण परिवार के लोग शादी के खिलाफ थे।
प्रवीण बुधवार सुबह सोनी के घर शादी की बात करने के लिए पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। सोनी ने सुबह के समय सुसाइड का प्रयास किया था, लेकिन परिजनों ने उसे समझा-बुझाकर शांत कर दिया था। दोपहर बाद सोनी का शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। सोनी की मौत की सूचना मिलने के बाद प्रवीण ने अपने ऊपर थिनर डालकर आग लगा ली थी।
परिजनों ने घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। सुसाइड की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी भेज दिया था। प्रवीण के घर वालों ने सोनी के परिजनों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।