फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: कचहरी में वकीलों में चले लात-घूंसे, चार घायल, लोग बोले- हमारा केस लड़ने वाले आपस में लड़ रहे

Sat, 21 Jun 2025 12:09 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

एक चैंबर में बैठने को लेकर दो पक्षों में घमासान हो गया। दो महिला वकीलों समेत चार का मेडिकल कराया गया है। जिला बार एसोसिएशन का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन
कचहरी में झगड़ा करते वकील। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला बार एसोसिऐशन के महात्मा गांधी लॉ चैंबर स्थित चैंबर नंबर 20 में बैठने से रोकने के विवाद में शुक्रवार को वकीलों के दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान हंगामा हुआ और दोनों ही पक्ष ने एक-दूसरे को भुगतने की धमकी दी। एक पक्ष ने चैंबर में तोड़फोड़ की और फाइलों को उठाकर फेंक दिया। पुलिस ने चोटिल हुए दोनों पक्षों के चार वकीलों काजल, रेखा, मोहित और मनोज कुमार का मेडिकल परीक्षण कराया और जांच के बाद कार्रवाई की बात कही। इस घटना का वीडियो क्लिप भी वायरल हुआ है।
विज्ञापन

 

जिला बार एसोसिएशन में हरपाल सिंह भाटी, मोहित त्यागी, काजल और मनोज कुमार के नाम चैंबर 20 महात्मा गांधी लॉ चैंबर का आवंटन डीएम ने किया है। चैंबर में चारों सदस्य बैठकर वकालत करते हैं। बृहस्पतिवार को मनोज कुमार ने मोहित त्यागी और काजल को चैंबर में बैठाने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसकी शिकायत एसएसपी से भी की गई थी। वहीं वकीलों के बीच लड़ाई को वादकारी और कचहरी में आए अन्य लोग देखते रहे। 
 

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव त्यागी और महामंत्री अमित राणा ने बताया कि शुक्रवार को जब काजल और मोहित त्यागी अपने चैंबर पर पहुंचे तो वहां पर अधिवक्ता रेखा एवं मनोज कुमार ने विरोध किया। इस बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर भारी पुलिस बल और अधिवक्ता पहुंचे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की तहरीर सिविल लाइन पुलिस को दी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सिविल लाइन पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
 

बार एसोसिएशन ने जांच के लिए गठित की टीम
वहीं दूसरी ओर जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। जिला बार एसोसिऐशन के अध्यक्ष राजीव त्यागी, महामंत्री अमित राणा ने प्रकरण को लेकर आपातकालीन बैठक बुलाई। इसमें इस घटना की निंदा की गई। बैठक में पांच सदस्यों की कमेटी गठित की गई। इसमें पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, पूर्व महामंत्री पंडित आनन्द कश्यप, विमल तोमर, रामगोपाल शर्मा को शामिल किया गया है। 
विज्ञापन

कमेटी प्रकरण की जांच कर पांच दिन में रिपोर्ट देगी। बार पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कठोर नियम भी बनाए जाएंगे, ताकि भविष्य में कोई भी अधिवक्ता इस तरह की हरकत न कर सके। बैठक में पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, मिसबाहुद्दीन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें