मेरठ में 25 दिन से लापता महिला के मामले में संतोषजनक जानकारी न दे पाने पर एसएसपी अविनाश पांडे ने खरखौदा इंस्पेक्टर राजपाल सिंह को निलंबित कर दिया। महिला एनसीआर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थी।
पिछले 25 दिन से लापता महिला के मामले में संतोषजनक जानकारी न दे पाने पर एसएसपी अविनाश पांडे ने खरखौदा थाने में तैनात इंस्पेक्टर राजपाल सिंह को निलंबित कर दिया। महिला के परिजनों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद एसएसपी ने मामले की जानकारी मांगी थी, लेकिन इंस्पेक्टर स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज के लिए निकली थी महिला
गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के चुड़ियाला गांव निवासी महिला खरखौदा थाना क्षेत्र स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज में नौकरी करती थी। बताया गया कि दो मई को महिला रोजाना की तरह घर से मेडिकल कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद चार मई को खरखौदा थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
25 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
घटना के 25 दिन बीत जाने के बाद भी महिला का पता नहीं चल सका। परेशान परिजन बुधवार को एसएसपी अविनाश पांडे से मिलने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने फोन पर ही इंस्पेक्टर राजपाल सिंह से मामले की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी। बताया गया कि इंस्पेक्टर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया।
कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी नाराजगी
सूत्रों के अनुसार किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के एक अन्य मामले में भी वरिष्ठ अधिकारी खरखौदा पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज बताए जा रहे थे। लगातार लापरवाही की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।