प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर शहर में कबड्डी का रोमांच शुरू हो गया। खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ खेल के क्षेत्र में अपना हुनर दिखाया। दर्शकों ने भी हर रोमांचक मोड़ पर खुले दिल से उत्साह बढ़ाया। लड़कों की टीम के साथ ही लड़कियों ने भी अपना जलवा दिखाया। करीब दो हजार दर्शक कबड्डी के इस रोमांच के गवाह बने। सोमवार शाम कैलाश प्रकाश स्टेडियम का ग्राउंड दर्शकों के शोर और तालियों से गूंज उठा।
मुख्यातिथि खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री रामसकल गुर्जर ने मेरठ प्रो कबड्डी लीग का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच मेरठ हंटर और दुर्गा ब्रिक फील्ड के बीच खेला गया। शुरुआत में दोनों टीमों एक-दूसरे पर हावी नजर आई। लेकिन थोड़ी ही देर में मेरठ हंटर ने दुर्गा ब्रिक फील्ड को पीछे छोड़ दिया। 20 मिनट के फर्स्ट हाफ तक मेरठ हंटर की टीम 10 अंक से आगे निकल गई। इसके बाद सेकेंड हाफ में मेरठ हंटर ने 30 और दुर्गा ब्रिक फील्ड ने 27 अंक हासिल किए। मेरठ हंटर उद्घाटन मैच की विजेता बनी। इसके बाद दूसरा मैच बहलोलपुर बुल्स और दबंग मैयराष्ट्र के बीच खेला गया। बदलोलपुर बुल्स शुरुआत से ही दबंग मैयराष्ट्र पर हावी नजर आई।
फर्स्ट हाफ तक बहलोलपुर की टीम 5 अंक से आगे थी। सेकेंड हाफ खत्म होने पर बहलोलपुर ने 27 और दबंग मैयराष्ट्र ने 17 अंक हासिल किए। पहले लीग मैच में बहलोलपुर जीत गई। तीसरा मैच नंगला दबंग और अभिमन्यु गेसूपुर के बीच खेला गया। फर्स्ट हाफ में 6 अंक अतिरिक्त लेकर अभिमन्यु की टीम आगे निकल गई। सेकेंड हाफ का मैच खत्म होने तक नंगला दबंग की टीम के 24 और अभिमन्यु टीम ने 29 अंक हासिल किए। इस मैच को अभिमन्यु गेसूपुर टीम ने जीत लिया।
इस दौरान जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन रजनीश कौशल, सचिव जोगेंद्र चौधरी ने बताया कि 6 से 13 जून रोजाना तीन मैच होंगे। 11 जून को दोनों सेमीफाइनल और 13 जून को फाइनल खेला जाएगा। इस मौके पर आरएसओ अजय सेठी, सपा महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना, ओमपाल गुर्जर, डॉ. रोहित कुमार, संजय भारद्वाज, आशीष गौतम, मनोज शर्मा, मनीष शर्मा, केपी सिंह, विनीता कौशल, लवलीता कौशल, राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
लड़कियों का भी धमाल
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बालिका टीम दबंग मेरठ और उत्कर हिना टीमों के बीच मैच खेला गया। दबंग मेरठ ने 39-17 के अंतर से उत्कर हिना को मात दी।
सेल्फी लेने का भी क्रेज
कबड्डी प्रेमियों ने खिलाड़ियों के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने अपनी पसंद की टीमों और उनके खिलाड़ियों के साथ ग्रुप फोटो भी कराए।
ऐसे खेलते हैं कबड्डी
स्टेडियम में शुरू हुई मेरठ प्रो कबड्डी लीग की एक टीम में कुल 10 खिलाड़ी हैं, जिसमें तीन अतिरिक्त और सात खिलाड़ी खेलते हैं। मैच 20-20 मिनट के दो हॉफ में खेला जाता है। कुल 40 मिनट तक मैच चलता है। सेकेंड हॉफ में टीम अपना पाला छोड़कर दूसरे पाले में खेलती है। इसमें दूसरी टीम के खिलाड़ी को पकड़ने या छूकर आने पर उसे आउट माना जाता है। इसका प्वाइंट मिलता है। इसमें बोनस प्वाइंट भी मिलते हैं। लेकिन यह टीम में छह खिलाड़ी मैदान पर मौजूद होने पर ही मिलते हैं। एक खिलाड़ी दूसरे पाले में 30 सेकेंड रहता है।