मेरठ जिला कारागार में हाईटेक चेकिंग मशीन
- फोटो : अमर उजाला
कपड़ों और डिब्बों के अंदर छिपी चीजों की भी होगी पहचान
जेल में लगाई जा रही मल्टीलेयर एक्स-रे बैगेज मशीन सामान के अंदर छिपी वस्तुओं का 2D और 3D एक्स-रे व्यू दिखाएगी। इससे कपड़े, डिब्बे या दोहरे तल के भीतर छिपाई गई वस्तुओं की पहचान में मदद मिलेगी।
जेल प्रशासन के अनुसार मशीन से हथियार, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कारतूस, चाकू और मादक पदार्थों जैसे प्रतिबंधित सामान की पहचान की जा सकेगी। मशीन ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक पदार्थों को अलग-अलग रंगों में प्रदर्शित करने की क्षमता रखती है। इससे खाने-पीने की चीजों में मौजूद संदिग्ध या रासायनिक पदार्थों की भी पहचान में मदद मिलेगी।
जेल में तैयार होंगे ब्रेड, बिस्कुट और कुकीज
दूसरी ओर जेल में करीब 20 लाख रुपये की आधुनिक बेकरी मशीन लगाई जा रही है। इसके जरिए बंदियों को बेकरी उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मशीन शुरू होने के बाद बड़े स्तर पर ब्रेड, पाव, बर्गर बन्स, बिस्कुट और कुकीज जैसे उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। जेल में बंदियों के इस्तेमाल के बाद बचने वाले उत्पादों को बाजार के आउटलेट पर बेचने की योजना है। इससे आम लोग भी जेल में तैयार किए गए बेकरी उत्पाद खरीद सकेंगे।
मेरठ जिला कारागार में हाईटेक चेकिंग मशीन
- फोटो : अमर उजाला
बंदियों को मिलेगा काम, मजदूरी का भी होगा भुगतान
जेल प्रशासन के अनुसार बेकरी से होने वाली आय का इस्तेमाल बंदियों की मजदूरी के भुगतान में किया जाएगा। इसके बाद बची रकम जेल सोसाइटी के खाते में जमा कराई जाएगी।
जेलर हरबंश पांडेय के मुताबिक करीब पांच महीने पहले डीएम डॉ. वीके सिंह ने जेल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने भट्टी पर संचालित हो रही बेकरी देखी थी। इसके बाद सांसद अरुण गोविल के प्रयास से नई बेकरी मशीन लगाए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
मेरठ जिला कारागार में हाईटेक चेकिंग मशीन
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने कहा- आपत्तिजनक सामान रोकने में मिलेगी मदद
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि एक्स-रे बैगेज मशीन लगने से जेल में आने वाले सामान की जांच अधिक सुरक्षित और प्रभावी तरीके से की जा सकेगी। उनका कहना है कि इससे आपत्तिजनक वस्तुओं को जेल के भीतर पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी।
बेकरी के उत्पादों की बिक्री से मिलने वाली आय से बंदियों की मजदूरी का भुगतान किया जाएगा और शेष धनराशि जेल सोसाइटी के खाते में जमा होगी। बेकरी मशीन का जल्द उद्घाटन किए जाने की तैयारी है।