जिला प्रशासन ने रोडवेज द्वारा सुझाए गए भैसाली मैदान और विक्टोरिया पार्क के लिए मना करते हुए शहर से बाहर कोई स्थान तय करने की बात कही थी। शाम को नेशनल हाइवे स्थित संस्कृति रिजॉर्ट पर सहमति बनी, लेकिन जिला प्रशासन ने जिले के रेड जोन में शामिल होने की बात कही, जिसके चलते यहां श्रमिकों को नहीं भिजवाने की अपील शासन ने मान ली।
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा और रोडवेज एमडी डॉक्टर राजशेखर के बीच हुई बातचीत के बाद श्रमिकों की आमद का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। डीएम ने कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी रोडवेज अधिकारियों को दी। इसके बाद रोडवेज अधिकारियों ने बुलाए गए बस स्टाफ को घर भेज दिया।
आरएम नीरज सक्सेना ने बताया कि हरियाणा से आने वाले श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने जिलाधिकारी के निर्देश पर मांगी गई बसों की व्यवस्था कर ली थी। बस संचालन के लिए स्टाफ भी बुला लिया गया था। देर शाम जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों को वापस भेज दिया गया।
कार्यक्रम रद्द होने पर अधिकारियों ने ली राहत की सांस
हरियाणा से इतनी बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों के आने और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज अधिकारियों और कर्मियों की सांसें फूली हुई थी। पिछले दो दिन से अधिकारी जिला प्रशासन के साथ लगातार मीटिंग करके ना केवल बसों की व्यवस्था में जुटे थे, बल्कि श्रमिकों को उतारने और वहां से घर भेजने के लिए स्थान तय करने में भी कड़ी मशक्कत कर रहे थे। लेकिन मंगलवार देर शाम कार्यक्रम रद्द होने की सूचना पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।