शनिवार को मेरठ शिमला से भी ज्यादा ठंडा दिखा। पहाड़ों पर पड़ने वाली ठंड जैसा अहसास मेरठ में भी दिखाई दिया। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी दो जनवरी तक मौसम ऐसे ही रहेगा, फिर दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलने के आसार है। दो दिन तक मौसम ऐसे ही रहेगा।
सर्दी में पांच घंटे की धूप दिन में जरूरी
सर्दी के मौसम में कम से कम पांच घंटे की धूप बहुत जरूरी है, लेकिन यहां पर पिछले तीन दिन से सूरज के दर्शन नहीं हो रहे हैं। थोड़ी बहुत देर के लिए जो सूरज बाहर निकलने का प्रयास करता है, वह भी सर्दी के आगे बेबस है। ऐसे में मौसम और भी ठंडा रहता है और सर्दी का अहसास बना रहता है। अभी आने वाले दिनों में भी कोहरा और शीतलहर सर्दी को और बढ़ाएगी।