अपनी बच्ची के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची महिला।
- फोटो : अमर उजाला
टीपी नगर की एक महिला ने एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर पति व ससुराल वालों पर तमंचे के बल पर बाल काटने व तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच का आदेश दिया है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने बृहस्पतिवार को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी शादी लिसाड़ी गेट निवासी एक युवक से 17 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद महिला के तीन बेटी हुईं। महिला के अनुसार पति शराब पीने का आदी है। ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज कम लाने को लेकर मारपीट करते हैं।
कुछ दिन पूर्व पति ने महिला से एक लाख रुपये की मांग की। जिसपर महिला ने पैसे लाने से मना कर दिया। आरोप है कि पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट की। वहीं तमंचे के बल पर महिला के बाल काट दिए। इसके बाद आरोपी पति ने महिला को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
पीड़िता बृहस्पतिवार को परिजनों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। जहां उसने पति व ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।