दिवाली से पहले अवैध बिक्री के लिए किराना की दुकान में छिपाकर रखे गए पटाखों के जखीरे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की एलबी पॉकेट स्थित एक किराना स्टोर से पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड के पटाखों के 54 से अधिक पैकेट और कार्टन बरामद किए हैं। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर दुकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की धारा 288 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि 29 अक्तूबर को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चौहान मार्केट पर मुखबिर से सूचना मिली कि एलबी पॉकेट स्थित देवेंद्र किराना स्टोर में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर कोई नहीं मिला, लेकिन दुकान खुली थी। आसपास के लोगों से जानकारी करने पर दुकान मालिक का नाम देवेंद्र निवासी एलबी पॉकेट, डबल स्टोरी बताया गया।
पुलिस ने आसपास के दुकानदारों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली तो अलग-अलग स्थानों पर पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से पेपर शॉट के 54 पैकेट, बिजली पटाखों के 160 पैकेट, रंगीन स्पार्कल के 45 पैकेट, ग्राउंड चक्कर के 15 पैकेट, मिकी माउस पॉप के सात पैकेट, स्काई शॉट के दो पैकेट, सुतली बम के 20 और फ्लावर पॉट के पांच पैकेट बरामद किए। इसके अलावा पटाखों के कार्टन और प्लास्टिक के क्रेट भी मिले।
पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर सील कर दिया। दुकान मालिक की तलाश के लिए पुलिस ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। पुलिस के अनुसार, बिना अनुमति दुकान में पटाखों का भंडारण किया गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ये भी देखें...
बिजनौर: एमबीबीएस छात्र की रैगिंग होने पर जांच करने मेडिकल कॉलेज पहुंची एलआईयू, प्राचार्या ने कह दी ये बात