मेरठ के दौराला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन ने हाईवे स्थित ढाबों और होटलों की जांच की। जांच में एक होटल में प्याज-लहसुन से बना भोजन और परिसर में शराब की खाली बोतलें मिलने पर उसे सील कर दिया गया। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
मेरठ के दौराला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को प्रशासन ने हाईवे स्थित ढाबों, होटलों और भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया। जांच अभियान में एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, सीओ दौराला शिव ठाकुर और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।
प्याज-लहसुन से बना भोजन और खाली शराब की बोतलें मिलीं
निरीक्षण के दौरान टीम दशरथपुर स्थित मोघा होटल पहुंची। अधिकारियों के अनुसार जांच में होटल में प्याज और लहसुन से तैयार भोजन मिला। इसके अलावा परिसर से शराब और बीयर की खाली बोतलें भी बरामद हुईं।
कांवड़ यात्रा के दौरान लागू दिशा-निर्देशों के उल्लंघन को देखते हुए अधिकारियों ने होटल प्रबंधक अमित को नोटिस जारी किया और होटल को सील कर दिया।
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी ढाबे, होटल या भोजनालय में शासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।