मधुमक्खियों का छत्ता और चपेट में आए लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मवाना में मेरठ रोड स्थित लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के सामने एक पेड़ पर लगे छत्ते को छेड़ देने से भड़की मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर धावा बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। बूथ पर पहुंचे बीएलओ बबीता, सुपरवाइजर बिजेंद्र, दुकानदार विपिन खेड़ा, मिस्त्री इरशाद और सड़क से गुजर रहे कई राहगीर मधुमक्खियों के डंक लगने से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है। कॉलेज के सामने एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा है, जिसे किसी पक्षी ने छेड़ दिया। छत्ता छिड़ते ही बड़ी संख्या में मधुमक्खियां उड़ने लगीं और आसपास मौजूद लोगों को निशाना बनाने लगीं। अचानक हुए इस हमले से किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया गया कि बूथ संबंधी कार्य के लिए वहां पहुंची बीएलओ बबीता और सुपरवाइजर बिजेंद्र मधुमक्खियों की चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्होंने किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाई। इसी दौरान दुकानदार विपिन खेड़ा और मिस्त्री इरशाद भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार होकर घायल हो गए। जिन्होंने प्राइवेट चिकित्सक से इलाज कराया, वहीं पास ही दुकान चलाने वाले राजवीर सिंह ने खतरे को भांपते हुए अपनी दुकान का शटर गिराया और वहां से भागकर सुरक्षित जगह पहुंचे।
आसपास के दुकानदारों ने बताया कि मधुमक्खियों के आतंक के चलते घंटों तक क्षेत्र की सभी दुकानें बंद रहीं। हमलावर मधुमक्खियों के डर से दुकानदार अपनी दुकानों के भीतर दुबके रहे या दूर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। मेरठ रोड से आवाजाही कर रहे कई राहगीर भी मधुमक्खियों की चपेट में आने से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जाना पड़ा। काफी देर बाद जब मधुमक्खियों का प्रकोप शांत हुआ, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और सामान्य गतिविधियां शुरू हो सकीं।