मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुआ गांव के निकट शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार बीपीटी के छात्र अनस (25) की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रविवार को गमगीन माहौल में उसका शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। युवक की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सरधना स्थित नानू गांव निवासी अनस पुत्र आस मोहम्मद शनिवार रात किसी काम से बाइक पर सवार होकर दबथुआ गांव की ओर गया था। दबथुआ के निकट मेरठ-करनाल हाईवे पर किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनस की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
बताया गया कि अनस सुभारती कॉलेज से बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) का कोर्स कर रहा था। इसके साथ ही वह मोदीनगर में एक निजी चिकित्सक के यहां प्रैक्टिस करता था। परिवार में मां जन्नत, छोटी बहन सना और छोटा भाई फहीम हैं। तीनों का अभी विवाह नहीं हुआ है, जबकि बड़ा भाई वसीम सऊदी अरब में नौकरी करता है। रविवार को परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गमगीन माहौल के बीच अनस को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। जवान बेटे की मौत से मां जन्नत और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।