कड़ाके की ठंड ने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। सोमवार को दिन में कुछ देर के लिए निकली धूप ने थोड़ी राहत दी, लेकिन शीतलहर का प्रकोप कम नहीं हुआ। सुबह के समय कोहरा भले ही साफ रहा, लेकिन सर्द हवाएं शरीर को कपकंपाती रहीं। बढ़ती ठंड के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित है। वहीं यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी बोर्ड की आठवीं तक की कक्षाओं के बच्चों का छह और सात जनवरी को अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय बढ़ी हुई गलन से बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और गर्म कपड़े व मास्क का प्रयोग करें।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार, सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा चलने के कारण प्रदूषण के स्तर में भी कमी आई। मेरठ का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 189 दर्ज किया गया, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में गंगानगर 139, जयभीमनगर 226, पल्लवपुरम 201, बेगमपुल 209 और दिल्ली रोड 187 दर्ज किया गया।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि शीतलहर का प्रकोप अभी जारी रहेगा। मंगलवार को सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। दिन में निकल रही हल्की धूप से मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है, लेकिन रात और दिन के तापमान में गिरावट जारी रहेगी और मौसम सर्द बना रहेगा।