मवाना के गांव सठला निवासी दूसरे समुदाय के हिस्ट्रीशीटर पर हिंदू बताकर हरियाणा की युवती को प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण कर निकाह करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर दिल्ली के थाना जामियानगर में प्राथमिकी दर्ज है। रविवार देर रात दिल्ली पुलिस दबिश देकर आरोपी के परिवार से पांच लोगों को अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार, गांव सठला निवासी फहीम मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। नवंबर 2021 में उसकी बल्लभगढ़ निवासी युवती से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि फहीम ने खुद को हिंदू बताया और युवती से नजदीकियां बढ़ाईं। करीब तीन माह बाद दोनों दिल्ली के एक होटल में मिले, जहां फहीम ने युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर अपने एक साथी के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और अपने कब्जे में रख लिया।
जानकारी के अुनसार, युवती को कुछ समय तक गांव सठला में रखने के बाद दिल्ली के जामियानगर इलाके में ले गया। वहीं युवती को फहीम के मुस्लिम होने की जानकारी हुई, लेकिन वीडियो वायरल करने की धमकी के चलते वह विरोध नहीं कर सकी। बाद में युवती का जबरन धर्मांतरण कराकर निकाह किया गया और उसका नाम भी बदल दिया गया।
इस दौरान दोनों की एक संतान भी हुई। फरवरी 2025 में फहीम दिल्ली के एक मुकदमे में जेल चला गया। वर्तमान में मेरठ जेल में बंद बताया जा रहा है। आरोपी के जेल जाने के बाद युवती उसके चंगुल से निकलकर अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर दिल्ली के थाना जामियानगर पहुंचे, जहां आरोपी फहीम व अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के अनुसार, रविवार रात दिल्ली पुलिस ने मवाना थाने में आमद दर्ज कराई और मवाना पुलिस को साथ लेकर गांव सठला में दबिश दी। पुलिस आरोपी के दो भाई, पिता, मां और निकाह कराने वाले को अपने साथ ले गई है। सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि दिल्ली पुलिस आई थी और कुछ लोगों को अपने साथ लेकर गई है।
ये भी देखें...
Meerut: कोर्ट में पिता को देखकर बोली 13 साल की बेटी, इसने ही मेरी मां को मारा था; दादा-दादी व ताऊ थे शामिल