किसानों ने किया हाईवे जाम
- फोटो : अमर उजाला
उधर, सहारनपुर में भी कई जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। नागल में भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने ब्लाक चौराहे पर ट्रैक्टर ट्रॉली लगाकर आवागमन रोक दिया। वहीं सरसावा के शाहजहांपुर में नेशनल हाईवे-73 पर किसानों ने धरना प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। किसान नए कृषि बिल का विरोध करते हुए उसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसके अलावा छुटमलपुर के शेरपुर में सुबह 11:00 बजे भारतीय किसान यूनियन द्वारा हाईवे जाम किया गया। पुलिस ने छुटमलपुर के फतेहपुर और बिहारीगढ़ क्षेत्र में बिहारीगढ़ कस्बे के बुग्गावाला चौक और सुंदरपुर से रूट डायवर्जन कर दिया है।
शामली में भाकियू ने कृषि विधेयकों के विरोध में पानीपत-खटीमा हाईवे पर गुरुद्वारा तिराहे पर साढ़े 11 बजे चक्का जाम शुरू कर दिया। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़क के बीचोंबीच टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों को एसटी तिराहे पर रोका जा रहा है। पानीपत की और से आने वाले वाहनों को शहर से बाहर ही रोक दिया गया है। चक्का जाम का पहले से ही पता होने के कारण ट्रक चालक जगह-जगह अपने वाहन ढाबों पर रोके हुए हैं। मेरठ-करनाल हाईवे पर झिंझाना में जिलाध्यक्ष कपिल खटियान के नेतृत्व में कार्यकर्ता हाइवे पर धरने पर बैठे हैं।
मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन ने कृषि विधेयकों के विरोध में जनपद में 10 स्थानों पर चक्का जाम किया। किसानों ने फलौदा, रोहाना, लालूखेड़ी, रामपुर तिराहा, बुढ़ाना बायवाला, शाहपुर, मोरना, नावला कोठी, फुगाना और मीरापुर मोंटी तिराहे पर जाम लगाया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम लगाए जाने से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी स्थानों पर पुलिस बल तैनात है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/