एमसीटीएसएल द्वारा रविवार से चलाई जाने वाली मेरठ हेरिटेज दर्शन एसी बस सेवा के लिए सभी टिकट बुक हो चुके हैं। इतना ही नहीं अगले रविवार की बस के भी तीन टिकट बुक हो चुके हैं। सेवा के लिए लोगों का इतना सहयोग मिलने से कंपनी ने राहत की सांस ली है।
मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने मेरठ के सभी हेरिटेज स्थलों के दर्शन कराने के लिए वोल्वो एसी बस सेवा शुरू करने के निर्देश एमसीटीएसएल को दिए थे। मंडलायुक्त ने इसके लिए एक कमेटी का भी गठन किया है। 32 सीटर लो फ्लोर वोल्वो एसी बस को इस सेवा के लिए लगाया गया है। यह बस जनपद के सभी ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों के दर्शन कराएगी। शनिवार को इस बस सेवा का ट्रायल होने जा रहा है। ट्रायल रन में प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया कर्मियों को ले जाया जाएगा। आम लोगों के लिए इस सेवा की शुरूआत रविवार से हो रही है। तीन दिन के अंदर ही बस के सभी टिकट बुक हो गए। एमडी संदीप लाहा ने बताया कि 18 फरवरी को जाने वाली बस के भी तीन टिकट बुक हो चुके हैं।