मोदीपुरम। एनसीआर में दीपावली से पहले ही प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मेरठ देश में छठा सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी है।
मेरठ में एक्यूआई का स्तर बढ़ता जा रहा है। प्रदूषण विभाग की ओर से शनिवार को 249 शहर का प्रदूषण डाटा लिया गया, जिनमें मेरठ शहर छठा तो गाजियाबाद देश पहले स्थान पर रहा। इसके अलावा बागपत, हापुड़, मुजफ्फरनगर, नोएडा का एक्यूआई स्तर भी 300 के पास पहुंचने वाला है। ग्रेप सिस्टम लागू होने के बाद भी प्रदूषण घटने की जगह बढ़ता जा रहा है।
मेरठ का एक्यूआई 273, बागपत 286, गाजियाबाद 324, मुजफ्फरनगर 283 एक्यूआई दर्ज किया गया। मेरठ के विभिन्न इलाकों में जयभीम नगर सबसे प्रदूषित 312 दर्ज किया गया। गंगानगर 240, पल्लवपुरम 267, बेगमपुल 275, दिल्ली रोड 281 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, दिन का तापमान बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि अभी मौसम ऐसा ही बना रहेगा।