अमर उजाला ने छात्राओं को गंगानगर थाने का भ्रमण कराया। यहां छात्राओं को रिपोर्ट दर्ज करने से लेकर जेल भेजने तक की तमाम जानकारी दी गई और उनके सवालों के जवाब दिए गए।
अमर उजाला के थाना भ्रमण कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को आईआईएमटी विश्वविद्यालय की छात्राएं गंगानगर थाने पहुंची। यहां छात्राओं ने शिकायत दर्ज करने से लेकर जेल भेजने, छेड़छाड़, साइबर क्राइम आदि के बारे में विस्तार से जानकारी की।
विज्ञापन
गंगानगर थाने में एसआई रुबी उपाध्याय ने नर्सिंग व इंजीनियरिंग की छात्राओं को बताया कि सबसे पहले आप शिकायत लेकर आते हैं तो महिला हेल्प डेस्क सामने ही मिलेगी। हेल्प डेस्क पर महिला कांस्टेबल या एसआई आपकी समस्या सुनेंगी। अगर आप चाहें तो गुप्त रूप से कमरे में जाकर भी समस्या बता सकती हैं। आपका नाम पता व फोन नंबर भी गुप्त रखा जाएगा। उसके बाद लिखित शिकायत दे सकते हैं।
छात्राओं को मुख्य कार्यालय में ले जाया गया। जहां मुकदमा लिखने से लेकर, ऑनलाइन शिकायत व अन्य मामले छात्राओं ने समझे। कंप्यूटर कक्ष में किसी अपराधी का इतिहास व अन्य जानकारी किस तरह निकाल सकते हैं, वह बताया गया। एसआई मोनिका ने साइबर क्राइम, महिला हेल्पलाइन, छेड़छाड़ होने पर किस तरह और कहां शिकायत करें, इसके बारे में जानकारी दी।
गंगानगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने छात्राओं को निर्भीक होकर थाने में शिकायत करने आने की बात कही। बताया कि बिना थाने आए भी यूपी कॉप एप जाकर शिकायत कर सकते हैं। उन्हें नारी शक्ति कार्यक्रम के बारे में भी बताया गया। भ्रमण प्रो. रचना चौधरी के नेतृत्व में हुआ। खुशी, मनीषा, मुस्कान, रिया, आराध्या आदि छात्राएं मौजूद रहीं।
अनजान नंबर से कॉल आए, तो क्या करें: कृतिका
- आप थाने आकर महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत करें, उस नंबर को पुलिस को दें, पुलिस नंबर की डिटेल निकालकर कार्रवाई करेगी।
-फेस मॉर्फिंग से ब्लैकमेल करने पर क्या करें। - तनीशा
एआई के समय में फेस मॉर्फिंग (चेहरा बदलना) ज्यादा हो रहा है। जिस अकाउंट या नंबर से फोटो, वीडियो वायरल किया जा रहा है उसका लिंक एडरेस या नंबर की शिकायत कर सकते हैं।
ये हवालात क्या होती है - वंशिका
जब किसी आपराधिक मामले में आरोपी को थाने लाया जाता है तो उसे हवालात में रखा जाता है। 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को कोर्ट में पेश कर मुख्य जेल में भेज दिया जाता है।
- कार्ड बदलकर एटीएम मशीन से पैसे निकाल लिए जाते हैं उससे कैसे बचा जाए। - सलौनी
एटीएम मशीन में जब भी जाएं तो डेबिट कार्ड का पिन छिपाकर डालें, किसी से मदद लेनी भी है तो उसे अपना कार्ड न दें।
-अगर कोई लड़की क्राइम करती है तो उसे भी हवालात में रखते हैं - सौम्या
नहीं, अगर कोई लड़की, महिला क्राइम करे तो रात में थाने में नहीं रखा जाता है। उसे नजदीकी नारी निकेतन में छोड़ा जाता है। सुबह वापस थाने लाया जाता है।