सरधना के खिर्वा-जलालपुर गांव में बृहस्पतिवार शाम पूर्व प्रधान सगीर कुरैशी के बेटे दिलशाद कुरैशी (42) की वॉलीबाल खेलते समय अचानक तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। दिलशाद हैदराबाद में कपड़े का व्यवसाय करते थे। वह गांव में युवाओं के साथ नियमित रूप से खेलकूद में हिस्सा लेते थे। माना जा रहा है कि हृदयघात के कारण मौत हुई। खेल के दौरान अत्याधिक शारीरिक श्रम के चलते अचानक ऐसा हो सकता है।
ग्रामीणों अनुसार, बृहस्पतिवार शाम दिलशाद गांव के बाहरी छोर पर स्थित खेल मैदान में अन्य युवकों के साथ वॉलीबाल खेल रहे थे। खेल के कुछ समय बाद वह मैदान के किनारे आराम करने लगे। इसी दौरान पास लगे एक पेड़ से अपनी जर्सी लेने के लिए जैसे ही उन्होंने कदम बढ़ाया तो सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। वे अचानक गिर पड़े।
अन्य खिलाड़ी तुरंत उनके पास पहुंचे और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने उन्हें बेहोशी की हालत में तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बारे में परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। देर रात शव को दफना दिया गया। दिलशाद अपने पीछे पत्नी शबनम और छह बच्चों माज, जैद, रुकैया, अबुजर, उजैफ और अली को छोड़ गए हैं।
डॉक्टरों की राय और बचाव के उपाय
खेल के दौरान अचानक होने वाली मौत की घटनाएं लगातार हो रही हैं। जिला अस्पताल की हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आरती फौजदार के अनुसार अत्यधिक शारीरिक श्रम, तनाव, और अनियंत्रित जीवनशैली हृदय संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकती है। वॉलीबाल जैसे खेलों में शरीर पर अचानक अधिक भार पड़ता है। यदि किसी व्यक्ति को हृदय संबंधी कोई पूर्व समस्या है तो ऐसी स्थिति में भी हृदयघात का खतरा बढ़ जाता है।
ये भी देखें...
सहारनपुर में सात की मौत: पांच फीट ऊंची कार पिचककर दो फीट की रह गई, अंदर फंसी थीं खून से लथपथ सात लाशें