मेरठ। प्रदेश स्तरीय महिला फुटबाल प्रतियोगिता की शुरुआत रविवार से कानपुर में हुई। प्रतियोगिता में मेरठ मंडल की टीम ने भी प्रतिभाग किया। मेरठ मंडल की टीम का पहला मैच देवी पाटन मंडल के साथ खेला गया। मैच में मेरठ मंडल की टीम ने देवी पाटन को 4-0 से हराकर टूर्नामेंट में बढ़त बनाई। मेरठ मंडल की ओर से वंशिका ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मेरठ के लिए दो गोल किए। इनके अलावा अंशु और सौम्या ने एक-एक गोल किया। टीम ने जीत के साथ टूर्नामेंट में शुरुआत की। इसके अलावा टीम की अन्य सदस्यों ने भी खेल का बेहतर प्रदर्शन किया। कोच ललित पंत ने भी फोन पर उन्हें शुभकामनाएं दी। टीम मैनेजर इलाहा ने बताया कि आज टीम का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर टीम पूरी तरह से तैयार है और जीत के इरादे से ही टीम मैदान में उतरेगी।
जिला स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट आज से
मेरठ। मेरठ जिला फुटबाल संघ की ओर से सोमवार से आईआईएमटी के खेल मैदान में जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 11 टीम प्रतिभाग करेंगी। इसमें एक पूल में 5 टीम और एक में 6 टीम भाग लेंगी। विजेता और उपविजेता टीमों को नगर धनराशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। जिला फुटबाल संघ के सचिव ललित पंत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा किया जाना है। हालांकि रालोद नेताओं की मानें तो अभी उनका कार्यक्रम तय नहीं हो सका है। वह कार्यक्रम में पहुंच भी सकते हैं और नहीं भी। अगर जयंत चौधरी उद्घाटन करने नहीं पहुंचते हैं तो उनके स्थान पर रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी यहां पहुंचेंगे और टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। टूर्नामेंट में मेरठ स्पोर्टिंग, गरुड़ एफसी, एमएफएएफ सी, यंग युनाइटेड, जेनएक्स, चंदा क्लब, अजेक्स, मायफा एफसी, स्टोन स्टार, एबीसीडी व स्पार्टन फुटबाल टीम भाग ले रही हैं।